बड़ी खबर! सेना से तीन लाख सैनिक कम करेगा चीन

गुरुवार, 3 सितम्बर 2015 (09:02 IST)
बीजिंग। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा कि चीन अपने सैनिकों की संख्या में तीन लाख तक की कटौती करेगा। उन्होंने द्वितीय विश्वयुद्ध की समाप्ति की 70वीं वर्षगांठ पर देश के सैन्य बल का भव्य प्रदर्शन करने के लिए तियानमैन चौक पर आयोजित बड़ी परेड का उद्घाटन करते हुए यह घोषणा की।

चीनी राष्ट्रपति ने कहा कि चीन हमेशा से दुनिया में शांति का हिमायती रहा है। भविष्य में भी वह शांति और विकास के रास्ते पर चलेगा। सैन्य बल में कटौती इसी योजना का अहम हिस्सा है।
 
तियानमैन चौक पर 12 हजार से अधिक सैनिकों की भव्य परेड़ आयोजित की गई। इसमें अधिकतर चीनी सैनिक और कुछ रूस के सैनिक भी शामिल थे।
 
परेड में चीन ने अपने परमाणु अस्त्रों का भी भव्य प्रदर्शन किया। सेना की बख्तरबंद गाड़ियां, टैंक, लड़ाकू विमान और कई बड़े हथियारों का प्रदर्शन भी इस मौके पर किया गया।
अगले पन्ने पर... चीन से क्यों नाराज हुआ जापान...

टेलीविजन पर परेड का सीधा प्रसारण किया गया। परेड़ के मौके पर जिनपिंग के साथ रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन के अलावा कई बड़े विदेशी नेता मौजूद थे। हालांकि पश्चिमी देशों ने परेड का बहिष्कार किया।
 
खास तौर से जापान ने परेड के दौरान जिनपिंग के उस बयान की कड़ी निंदा की जिसमें उन्होंने कहा कि द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान जापान की सेनाओं ने बहुत बर्बर तरीके अपनाए।
 
जिनपिंग ने परेड़ समारोह में शामिल होने के लिए जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे को निमंत्रण भेजा था लेकिन वह नहीं पहुंचे। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें