स्थानीय मीडिया ने बताया कि विशेष पहाड़ पुलिस स्की और हेलीकॉप्टर के जरिए घटनास्थल तक पहुंच गई है तथा शवों को निकालने का काम शुरू कर दिया गया है। उन्होंने साथ ही बताया कि होटल की इमारत के भीतर किसी के जिंदा बचे होने का कोई संकेत नहीं है, जो बर्फ के दबाव में करीब दस मीटर खिसक गई है।
एक कमांडिंग ऑफिसर एंतोनियो क्रोसेता ने बताया कि कई लोग मारे गए हैं। अल्पाइन पुलिस हिमस्खलन में दबे इस होटल तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। होटल में बचावकर्मियों के पास स्नो मोबाइल हैं, जो एक बार में 8 लोगों को ले जाने में सक्षम है। एजेंसी के अनुसार एम्बुलेंसों को करीब 9 किलोमीटर पहले 2 मीटर ऊंची बर्फ की दीवार ने रोक दिया।
पेसकारा प्रांत के अध्यक्ष एंतोनियो डी मार्को ने बताया कि 2 लोग जिंदा पाए गए हैं। इसी प्रांत में फारिंदोला गांव है और होटल इसी गांव के समीप स्थित था। उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर लिखा कि हमें अभी यह नहीं पता कि कितने लोग मारे गए हैं और कितने जिंदा हैं, लेकिन एक बात पक्की है कि इमारत सीधे हिमस्खलन की चपेट में आ गई और यह इतना भयंकर था कि होटल 10 मीटर दूर खिसक गया।