बलूचिस्तान पर पाक से यूरोपीय संघ नाराज, कसेगा शिकंजा...
शनिवार, 24 सितम्बर 2016 (09:08 IST)
बलूचिस्तान में पाकिस्तान के खिलाफ लगातार उठ रही आवाज अब यूरोपीय संघ तक जा पहुंच है। यूरोपीय संघ ने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर वहां मानवाधिकार का उल्लंघन बंद नहीं किया तो उसे प्रतिबंधों का सामना करना पड़ सकता है।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, ईयू के उपाध्यक्ष यिसजार्ड जारनेकी ने कहा कि अगर पाकिस्तान बलूचों के मानवाधिकारों का उल्लंघन रोकने में नाकाम रहा तो उसे आर्थिक और राजनीतिक प्रतिबंध झेलने पड़ेंगे।
बलूचों पर अत्याचार के विरोध में निकाले गए एक प्रदर्शन में भी शामिल हुए जारनेकी ने कहा कि पाकिस्तान के लिए अब बयानबाजी की जगह कार्रवाई की जरूरत है। अगर वह बलूचिस्तान के प्रति अपनी नीति नहीं बदलेगा तो ईयू का उसके प्रति रुख बदल जाएगा और उससे परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान का दोहरा चेहरा है, एक चेहरे में वह अपना दाम पाक साफ दिखाता है, लेकिन दूसरी ओर लोगों के क्रूर दमन की कहानी है। उन्होंने यूरोपीय संघ के सभी 28 देशों से पाकिस्तान की बलूच जनता के प्रति नीति पर ध्यान देने को कहा।