भारतीयों को रूस के लिए मिल सकेगा ई-वीजा

मॉस्को। भारतीय पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए रूस भारतीय पर्यटकों को ई-वीजा शुरू करने पर विचार कर रहा है। इसके अलावा रूस का इरादा मुंबई और मॉस्को के बीच सीधी उड़ानें शुरू करने का है। अपनी सांस्कृतिक विरासत, गिरजाघरों तथा समुद्री तटों के लिए रूस काफी लोकप्रिय है।
 
रूस की पर्यटन पर संघीय एजेंसी के अंतरराष्ट्रीय विभाग के प्रमुख वालेरी कॉरवोकिन ने कहा कि हम भारतीय पर्यटकों को ई-वीजा की पेशकश पर विचार कर रहे हैं जिससे हमारे देश में आने वाले लोगों के लिए यात्रा सुगम हो सके। 
 
कॉरवोकिन ने कहा कि हम अपने विदेश मंत्रालय के साथ ई-वीजा का मुद्दा उठा रहे हैं। अगले कुछ माह में हमें इस बारे में सकारात्मक घटनाक्रम की उम्मीद है। हर साल 1.8 करोड़ भारतीय पर्यटक विदेश जाते हैं। इनमें से 30,000 रूस जाते हैं।  (भाषा) 

वेबदुनिया पर पढ़ें