अमेरिका में पीटे जाने के कारण घायल हुए भारतीय मूल के व्यक्ति की मौत

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

शनिवार, 10 फ़रवरी 2024 (11:55 IST)
वॉशिंगटन। वॉशिंगटन के एक रेस्तरां के बाहर झगड़े के दौरान पीटे जाने के कारण घायल हुए भारतीय मूल के 41 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। अमेरिका में हाल में भारतीय मूल के लोगों पर हमले की एक के बाद एक कई चिंताजनक घटनाएं सामने आई हैं।
 
जांचकर्ताओं ने बताया कि शोटो रेस्तरां के बाहर 'फिफ्टीन्थ स्ट्रीट नॉर्थवेस्ट' के 1100 ब्लॉक पर 2 फरवरी को देर रात करीब 2 बजे इस घटना के संबंध में पुलिस को सूचना मिली जिसके बाद पुलिस अधिकारी वहां पहुंचे और उन्होंने विवेक तनेजा नाम के भारतीय मूल के व्यक्ति को फुटपाथ पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाया। उसे अस्पताल ले जाया गया।
 
वॉशिंगटन डीसी के एक टेलीविजन स्टेशन 'डब्ल्यूयूएसए' के अनुसार प्रारंभिक जांच में पता चला है कि तनेजा और एक अज्ञात व्यक्ति के बीच किसी बात पर हुई बहस हाथापायी में बदल गई और आरोपी ने तनेजा को जमीन पर गिराकर उसका सिर फुटपाथ पर मारा।
 
गंभीर रूप से घायल तनेजा की बुधवार को अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश कर रही है। आरोपी की फुटेज सीसीटीवी से प्राप्त कर ली गई है। तनेजा 'डायनेमो टेक्नोलॉजीज' के सहसंस्थापक और अध्यक्ष थे।
 
इस सप्ताह की शुरुआत में अमेरिका के शिकागो शहर में भारतीय छात्र सैयद मजाहिर अली पर लुटेरों ने हमला किया था। इससे पहले जॉर्जिया के लिथोनिया शहर में नशे के आदी एक व्यक्ति ने 25 वर्षीय भारतीय छात्र विवेक सैनी की हथौड़े से वार कर हत्या कर दी थी। अमेरिका में इस साल भारतीय मूल के 4 अन्य छात्रों की मौत हुई है।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी