खौफनाक! आईएस ने बच्चों से कराई कुर्द लड़ाकों की हत्या

शनिवार, 27 अगस्त 2016 (11:54 IST)
लंदन। दुनिया के सबसे क्रूर आतंकवादी संगठनों में से एक इस्लामिक स्टेट ने रूह कंपा देने वाला एक नया वीडियो जारी किया है जिसमें 1 ब्रिटिश लड़का और 4 अन्य बच्चे सीरिया में बंदी बनाए गए कुर्द लड़ाकों की क्रूरता से हत्या करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
 

'डेली मेल' में प्रकाशित रिपोर्ट में दिखाए गए 9 मिनट के इस खौफनाक वीडियो को हाल ही में सीरिया की राजधानी रक्का में रिकॉर्ड किया गया है। वीडियो देखकर पता चल रहा है कि रक्का से खदेड़े जाने के बाद आईएस अब पहले से और ज्यादा क्रूर हो गया है।
 
वीडियो में सेना की वर्दी पहने 5 बच्चे दिखाई दे रहे हैं जिन्होंने हाथ में बंदूक ले रखी है। माना जा रहा है कि ये लड़के ब्रिटेन, मिस्र, तुर्की, ट्यूनीशिया और उज्बेकिस्तान के हैं। एक लड़का अरबी में कुछ बोल रहा है और उसने एक बंदी के सिर पर थप्पड़ मारा। इसके बाद सभी लड़कों ने अपनी बंदूक उठाई और पांचों कुर्द लड़ाकों को मौत के घाट उतार दिया। आईएस ने अपनी नापाक हरकतों को अंजाम देने के लिए अब बच्चों को हथियार बना लिया है। 
 
'द सन' अखबार के मुताबिक ब्रिटिश लड़के की पहचान अबू अब्दुल्लाह अल ब्रितानी के रूप में हुई है। गोरे रंग और नीली आंखों वाले इस लड़के की उम्र करीब 12 साल है। अरबी में 'अबू' का मतलब 'का बेटा' होता है जिससे संकेत मिलता है कि यह लड़का युवा ब्रिटिश आतंकवादी अब्दुल्लाह अल ब्रितानी का बेटा हो सकता है जिसने सीरिया में शादी की थी और बाद में एक ड्रोन हमले में मारा गया था।
 
'द टाइम्स' के अनुसार 1 लड़का अरबी में कह रहा है कि कोई अमेरिका, फ्रांस, ब्रिटेन, जर्मनी और नरक के शैतानों की मदद से भी कुर्दों को नहीं बचा सकता। इसके बाद बाकी सब लड़कों ने 'अल्लाहू अकबर' कहकर आसमान में गोलियां चलाईं और फिर सभी कुर्द बंदियों को मार डाला। उनके शवों पर बाद में सिर पर गोली के निशान दिखे।
 
ये बच्चे उन 5 आतंकवादियों की नकल करते हुए दिख रहे थे जिन्होंने नारंगी रंग का जम्प सूट पहनकर सिर कलम किया था। सीरिया और इराक में कई ब्रिटिश नागरिकों के आईएस में शामिल होने की आशंका है। 
 
लड़ाकों की संख्या में कमी आने के बाद अब आईएस बच्चों का सहारा ले रहा है। वह इन बच्चों के दिमाग में चरमपंथ भर रहा है और मानव बम के रूप में उनका इस्तेमाल कर रहा है। वह बच्चों को जिहादी अभियानों का वीडियो दिखाकर उनका माइंडवॉश कर रहा है। (वार्ता) 
 

वेबदुनिया पर पढ़ें