भूमध्य सागर में तीन हजार प्रवासियों को बचाया

रविवार, 7 मई 2017 (07:55 IST)
मिलान। भूमध्य सागर के रास्ते यूरोप पहुंचने की कोशिश कर रहे करीब 3,000 प्रवासियों को इटली तटरक्षक बलों समेत कई संगठनों ने बचाव अभियान चलाकर सुरक्षित बचा लिया।
 
इटली तटरक्षक बल ने एक वक्तव्य जारी कर बताया कि इटली तटरक्षक बल और नौसेना, यूरोपीय संघ सीमा एजेंसी फ्रांटेक्स, गैरसरकारी संगठनों, व्यापारिक जहाजों ने भूमध्यसागर में 20 विभिन्न जगहों पर राहत और बचाव अभियान चलाकर इन लोगों को बचाया है।
 
तटरक्षक बल ने यह नहीं बताया कि किन-किन देशों के नागरिकों को बचाया गया है। प्रवासियों के लिए अंतरराष्ट्रीय संगठन के अनुसार इस वर्ष 26 अप्रैल तक लगभग 43,490 प्रवासी समुद्र के रास्ते यूरोप पहुंचने में सफल रहे हैं वहीं इस दौरान 1,000 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है या लापता हो गए हैं।
 
उल्लेखनीय है कि भूमध्य सागर में प्रवासियों से भरी नौका डूबने की घटनाएं आम हैं, क्योंकि यहां मानव तस्कर इन नावों में क्षमता से ज्यादा लोगों को बिठा देते हैं। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें