ढाका के रेस्तरां में हमला, 6 आतंकी ढेर, बंधकों को छुड़ाया...

शनिवार, 2 जुलाई 2016 (07:41 IST)
ढाका। बांग्लादेश की राजधानी ढाका में शुक्रवार रात उच्च सुरक्षा वाले गुलशन राजनयिक क्षेत्र स्थित एक लोकप्रिय रेस्तरां में इस्लामिक स्टेट आतंकवादी घुस गए और विदेशियों सहित कम से कम कई लोगों को बंधक बना लिया जिसके बाद बंदूकधारियों और बांग्लादेशी सुरक्षा बलों के बीच भीषण गोलीबारी हुई। सुत्रों के अनुसार, गोलीबारी में सुरक्षाबलों ने 6 आंतकियों को मार गिराया और एक अांतकी जिंदा पकड़ा गया है। सुरक्षाबलों ने आतंकियों के कब्जे से एक विदेशी समेत कुछ बंधकों को छुड़ा लिया गया है। इन लोगों को अस्पताल ले जाया गया है। 
 
होली आर्टिसन बेकरी में कम से कम नौ आतंकवादी अल्लाहू अकबर चिल्लाते हुए घुसे और स्थानीय समयानुसार रात करीब नौ बजकर 20 मिनट पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। इस रेस्तरां में अक्सर राजनयिक और विदेशी नागरिकों का आना जाना रहता है।
 
आतंकी गुट इस्लामिक स्टेट ने अपनी समाचार एजेंसी अमाक के माध्यम से, इस हमले के करीब चार घंटे बाद इसकी जिम्मेदारी ली है।
 
पुलिस ने कहा कि रेस्तरां के अंदर इतालवी, जापानी सहित कई विदेशियों और स्थानीय लोगों को बंधक बनाए जाने की आशंका है।
 
रैपीड एक्शन बटालियन के प्रमुख बेनजीर अहमद ने बताया कि हम लोग रेस्तरां के अंदर छिपे बंदूकधारियों से बातचीत की कोशिश कर रहे हैं। हमारी पहली प्राथमिकता अंदर फंसे लोगों की जान बचाना है। गोलीबारी में समीपवर्ती बनानी पुलिस थाने के प्रभारी सलाहुद्दीन अहमद की मौत हो गई। हमले में मारे गए दूसरे अधिकारी अतिरिक्त पुलिस आयुक्त रबीउल हैं जिनकी पहचान उनके पहल नाम से की गई है। पुलिस कर्मियों सहित कम से कम 30 लोग घायल हो गए हैं।
 
हमलावरों ने रेस्तरां के अंदर से बम फेंके और रूक रूक कर गोलीबारी की। रेस्तरां के पास थोड़ी थोड़ी देर में बंदूक से गोली चलने और विस्फोटों की आवाज सुनी गई।
 
नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि वह लोग ढाका में स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और विस्तृत ब्योरे हासिल करने की कोशिश में हैं।
 
हमलावरों ने रेस्तरां के अंदर बम फेंके और रूक रूक कर गोलीबारी की। जब पुलिस कर्मियों ने इमारत के अंदर घुसने की कोशिश की तो उनको रोकने के लिए बंदूकधारियों ने एक विस्फोट किया। रेस्तरां के समीप गोली चलने और विस्फोटों की आवाजें सुनाई दीं। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना घटना को लेकर सुरक्षा एजेंसियों से संपर्क बनाए हुए हैं।
 
स्थानीय मीडिया की खबरों में कहा गया है कि बंदूकधारियों की संख्या 20 हो सकती है। लेकिन इस संबंध में आधिकारिक जानकारी नहीं मिल पाई है।
 
बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों और रैपीड एक्शन बटालियन के कर्मियों ने रेस्तरां को घेर रखा है। सुरक्षा कर्मियों को सुरक्षा घेरे से लोगों को अलग करते देखा गया।
 
स्थानीय मीडिया की खबर के अनुसार, रेस्तरां के रसोईघर का एक कर्मचारी किसी तरह बाहर निकल आया। उसने बताया कि रात करीब आठ बजकर 45 मिनट पर कई सशस्त्र व्यक्ति रेस्तरां के अंदर आए और मुख्य शेफ को बंधक बना लिया। उसने बताया कि उन्होंने कई देशी बम विस्फोट किए जिससे दहशत फैल गई। (एजेंसियां) 

वेबदुनिया पर पढ़ें