गलत इतिहास पढ़ा रहा है पाकिस्तान, बच्चों में भर रहा है भारत के खिलाफ जहर...

शनिवार, 5 अगस्त 2017 (09:04 IST)
इस्लामाबाद। पाकिस्तान अपने राष्ट्रवादी नजरिए के मुताबिक इतिहास को तोड़ने मरोड़ने के लिए इतिहास की पाठ्यपुस्तकों को हथियार बना रहा है। इनमें बताया जाता है कि जब 70 साल पहले भारत एवं पाकिस्तान के बंटवारे के दौरान हुए रक्तपात के लिए हिंदू जिम्मेदार हैं। इस तरह पाकिस्तानी बच्चों में भारत के खिलाफ जहर भरा जा रहा है। 
 
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के स्कूलों में पढ़ाई जाने वाली सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त ग्रेड पांच की इतिहास की पाठ्यपुस्तक में हिंदुओं को हत्यारा बताया गया है जिन्होंने मुसलमानों का नरसंहार किया, उनकी संपत्ति जब्त कर ली और उन्हें भारत छोड़ने के लिए मजबूर किया।
 
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के 17 वर्षीय नोमान अफजल ने अपनी इतिहास की पुस्तक में लिखे एक उत्तर का जिक्र करते हुए कहा, 'वे हमें नीचा समझते थे, इसलिए हमने पाकिस्तान बनाया।'
 
महात्मा गांधी के अध्याय इस बात का स्पष्ट उदाहरण हैं कि सीमा के दोनों और बंटवारे को कितना अलग अलग तरीके से पेश किया गया है। पाकिस्तान में आजादी के लिए गांधी के संघर्ष का कुछ खास जिक्र नहीं किया गया है जबकि भारत में उन्हें वन मैन आर्मी के रूप में पेश किया जाता है। (भाषा) 
 

वेबदुनिया पर पढ़ें