कौन हैं ब्रिटेन में पीएम पद के लिए दावेदार प्रीति पटेल, क्यों मजबूत है गुजरात की बेटी की दावा?

शनिवार, 9 जुलाई 2022 (11:59 IST)
ब्रिटेन के पीएम बोरिस जॉनसन के इस्तीफे के बाद प्रधानमंत्री बनने की रेस में कई लोगों के नाम सामने आ रहे हैं। इस दौड़ में ब्रिटेन सरकार में गृह मंत्री के पद पर कार्यरत भारतीय मूल की प्रीति पटेल का नाम भी है। प्रीति गुजरात के बेटी हैं और उनके नाम कई उपलब्धियां दर्ज हैं। आइए जानते हैं प्रीति पटेल के जीवन से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण बातें।  
 
प्रीति पटेल का जन्म इंग्लैंड में 29 मार्च 1972 को हुआ था। वे ब्रिटेन की कैबिनेट में शामिल होने वाली पहली भारतीय मूल की महिला हैं। पूर्व पीएम बोरिस जॉनसन से इस्तीफा मांगने वाले सदस्यों में इनका भी नाम शामिल है। प्रीति के जन्म से कुछ साल पहले ही उनके माता-पिता युगांडा से इंग्लैंड आकर बसे थे। प्रीति ने 2004 में अलेक्स सॉयर से शादी की। दोनों ने 2008 में एक बेटे की जन्म दिया, जिसका नाम फ्रेडी सॉयर है।  
 
शैक्षिक योग्यता की बात की जाए तो प्रीति पटेल ने इंग्लैंड की कील यूनिवर्सिटी से इकोनॉमिक्स की डिग्री हासिल की। इसके बाद उन्होंने गवर्नमेंट एंड पोलिटिकल साइंस से स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल की। उन्होंने बहुत छोटी उम्र में राजनीति में कदम रखा। वे कंजरवेटिव पार्टी से 2010 में इंग्लैंड के विटहैम से सांसद चुनी गई। उनके काम की पूरे देश में सराहना हुई, जिसकी बदौलत साल 2015 और 2017 में उन्होंने पुनः इस सीट पर जीत हासिल की। 
 
उनकी योग्यता के आधार पर ब्रिटेन सरकार ने उन्हें कई अहम पद प्रदान किए। वर्ष 2014 में प्रीति ब्रिटिश सरकार में ट्रेजरी मंत्री बनी। इसके एक साल बाद उन्हें रोजगार राज्यमंत्री का पद दिया गया। प्रीति इंग्लैंड के अंतराष्ट्रीय विकास विभाग में राज्य सचिव के पद पर भी कार्य कर चुकी हैं। 
 
ब्रिटेन की कैबिनेट में गृह मंत्री के पद को सर्वोच्च माना जाता है, जिस पर 2019 में पहुंचकर प्रीति पटेल ने इतिहास रच दिया। वे भारत के बाहर किसी दूसरे देश की सरकार में गृह मंत्री बनने वाली पहली भारतीय मूल की महिला बनी। 
 
प्रीति ने अपने खुले विचारों और अपने तेजस्वी व्यक्तित्व के चलते कई उपलब्धियां हासिल की। प्रीति अपने ऑउटफिट्स और स्टाइलिश लाइफस्टाइल के लिए भी जानी जाती हैं। उन्हें कई बार भारतीय परिधान में पूजा-अर्चना करते भी देखा गया है। 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी