अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा वर्जीनिया में रिपब्लिकन पार्टी के संभावित उम्मीदवार मिट रोमनी से सात अंक से आगे चल रहे हैं। एक ताजा सर्वेक्षण में यह बात सामने आई है।
वॉशिंगटन पोस्ट के सर्वेक्षण में यह बात भी सामने आई है कि ओबामा प्रशासन द्वारा अपनाई गई प्रमुख नातियों पर मतदाता विभाजित हैं।
अखबार में कहा गया है कि सर्वेक्षण में ओबामा को 51 प्रतिशत और रोमनी को 44 प्रतिशत मत मिले। साथ ही रोमनी ने पिछले साल हुए सर्वेक्षण की तरह इस बार प्रदर्शन नहीं किया।
इसमें यह भी सामने आया है कि वर्जीनिया में मतदाता ओबामा द्वारा अपनाए गए स्वास्थ सुधार कानून पर अलग-अलग राय रखते हैं और देश के हालातों के बारे में नकारात्मक रुख अपना रहे हैं।
माना जा रहा है कि वर्जीनिया प्रांत नवंबर में होने वाले राष्ट्रपति चुनावों में प्रमुख भूमिका निभा सकता है। वर्जीनिया से ही ओबामा शनिवार को अपना प्रचार अभियान शुरू कर रहे हैं। (भाषा)