IPL 2020 : दिल्ली को 57 रन से हराकर 4 बार की चैम्पियन मुंबई इंडियंस IPL के फाइनल में

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

गुरुवार, 5 नवंबर 2020 (23:15 IST)
दुबई। 4 बार की चैम्पियन मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) की टीम इंडियन प्रीमियर लीग 2020 (IPL 2020) के फाइनल में पहुंच गई है। पहले क्वालिफायर (Qualifier 1) के एक तरफा मैच में उसने दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) को 57 रनों से हराया। मुंबई की जीत में ईशान किशन (55), सूर्यनारायण यादव (51) और डी कॉक (40) की बेहतरीन पारियों का योगदान तो रहा ही, बाद में बुमराह (14 रन पर 4 विकेट) ने दिल्ली की कमर तोड़ दी। दिल्ली अब आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद के विजेता से दूसरा क्वालिफायर मैच खेलेगी। दिल्ली और मुंबई मैच के हाईलाइट्‍स... 

मुंबई इंडियंस ने एक तरफा मैच में दिल्ली को 57 रनों से हराया
जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में 14 रन देकर 4 विकेट लिए 
स्पेशल बॉक्स में नीता अंबानी ने मनाया जीत का जश्न
दिल्ली की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 143 रन ही बना सकी
मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 200 रन बनाए थे

प्लेऑफ में मुंबई का राज :
प्लेऑफ में दिल्ली और मुंबई का 3 बार मुकाबला हुआ और मुंबई ने तीनों ही बार एकतरफा जीत हासिल की है। दिल्ली ने इस आईपीएल में 7 में से 6 जीत पहले बल्लेबाजी करते हुए हासिल की। इस मैच में दिल्ली के कप्तान श्रेयस अय्यर जरूर पछता रहे होंगे, जिन्होंने टॉस जीतकर मुंबई को बल्लेबाजी का न्योता दे दिया था।

अंतिम ओवर में दिल्ली का आठवां विकेट गिरा : दिल्ली को अंतिम 5 गेंदों में 70 रनों की जरूरत थी। किरोन पोलार्ड के आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर अक्षर पटेल (42) छक्का लगाने के प्रयास में राहुल चहर के हाथों कैच आउट हो गए। राहुल ने तीन प्रयासों में यह कैच लपका। 19.5 ओवर में दिल्ली का स्कोर 8 विकेट खोकर 141 रन। इसके बाद पोलार्ड ने लगातार 2 वाइड गेंद डाली। अं‍तत: दिल्ली 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 143 रन ही बना सकी। 

बुमराह ने दिलाया ब्रेकथ्रू : मुंबई इंडियंस को जसप्रीत बुमराह ने बड़ा ब्रेकथ्रू मार्कस स्टोइनिस को बोल्ड करके दिलाया है। स्टोइनिस ने 46 गेंदों पर 6 चौकों और 3 छक्के की मदद से 65 रन की पारी खेली। वे 15.1 ओवर में 112 रन के कुल स्कोर पर आउट हुए। बुमराह ने 16वें ओवर की तीसरी गेंद पर डेनियल सेम्स को भी खाता खोलने के पहले ही आउट कर दिया। 16 ओवर में दिल्ली का स्कोर 7 विकेट खोकर 112 रन।

स्टोइनिस ने ठोंका नाबाद अर्धशतक : दिल्ली कैपिटल्स के धाकड़ बल्लेबाज मार्कस स्टोइनिस ने अभी भी उम्मीदें नहीं छोड़ी है। 15 ओवर में दिल्ली का स्कोर 5 विकेट खोकर 112 रन। स्टोइनिस 65 और अक्षर पटेल 30 रन पर नाबाद हैं। दिल्ली को जीत के लिए 30 गेंदों में 89 रनों की जरूरत है। 

स्टोइनिस ने खूंटा गाड़ा : विकेट के एक छोर से विकेटों का पतझड़ जारी है जबकि दूसरे छोर पर स्टोइनिस खूंटा गाड़कर डटे हुए हैं। 10 ओवर में मुंबई ने 65 रन बनाए हैं जबकि लक्ष्य 201 रन है। स्टोइनिस 43 और अक्षर पटेल 5 रन बनाकर क्रीज में हैं।
 
दिल्ली का पांचवा ‍विकेट गिरा : दिल्ली का पांचवा विकेट 7.5 ओवर में 41 रन के कुल स्कोर ऋषभ पंत (3) का गिरा। पंत को क्रुणाल पांड्‍या की गेंद पर सूर्यकुमार यादव ने लपका।

दिल्ली ने 5 ओवर में 4 विकेट गंवाए : मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों ने दुबई में कल्लेआम मचा दिया है। 5 ओवर में दिल्ली के 4 विकेट गंवा दिए हैं और स्कोर बोर्ड पर सिर्फ 25 रन टंगे हैं। स्टोइनिस 11 और ऋषभ पंत 0 नर नाबाद हैं।

बुमराह ने श्रेयस अय्यर का विकेट भी झपटा : चौथे ओवर में बुमराह ने कप्तान श्रेयस अय्यर (12) को रोहित शर्मा के हाथों कैच आउट करवाकर दिल्ली को चौथा झटका दिया। तब स्कोर 3.5 ओवर में 20 रन था।
 
बुमराह ने 0 पर दिल्ली का तीसरा विकेट गिराया : बोल्ट के कहर से दिल्ली संभला भी नहीं था कि दूसरे ओवर में जसप्रीत बुमराह ने जलवा दिखा दिया। बुमराह ने शिखर धवन को भी खाता खोलने की आजादी नहीं दी। दिल्ली 1.2 ओवर में 0 पर 3 विकेट खो चुका था। 
 
पहले ही ओवर में दिल्ली के 2 विकेट गिरे : दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही और ट्रेंट बोल्ट ने पहले ही ओवर में पृथ्वी शॉ, अ‍जिक्य रहाणे को पैवेलियन भेजा, तब न तो बल्लेबाजों का खाता खुला था और न दिल्ली का।  

20 ओवर में मुंबई का स्कोर 200/5 : ईशान किशन के नाबाद अर्धशतक (30 गेंदों में 55 रन, 4 चौके, 3 छक्के) और हार्दिक पांड्या की विस्फोटक पारी (14 गेंदों में नाबाद 37 रन, 5 छक्के) की बदौलत मुंबई ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 200 रन बना लिए हैं। ईशान और हार्दिक ने पांचवें विकेट के लिए 60 रनों की भागीदारी निभायी।

18 ओवर में मुंबई ने 5 विकेट खोकर 162 रन बनाए : मुंबई इंडियंस की टीम काफी बेहतर स्थिति में आ गई है। 18 ओवर में मुंबई ने 5 विकेट खोकर 162 रन एकत्र किए हैं। ईशान किशन 37 और हार्दिक पांड्‍या 11 रन बनाकर नाबाद हैं।
 
मुंबई का पांचवा विकेट गिरा : 16.1 ओवर में मुंबई ने 140 रन के कुल स्कोर पर पांचवां विकेट क्रुणाल पांड्‍या (13) का गिरा, जिन्हें स्टोइनिस ने आउट किया। 
 
14 ओवर में मुंबई का स्कोर 108/4 : मैच में अचानक दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाज हावी हो गए हैं। यही कारण है कि 14 ओवर में मुंबई की टीम 4 ‍विकेट खोकर 108 रन ही एकत्र कर सकी है। ईशान किशन 10 और क्रुणाल पांड्‍या 4 रन के निजी स्कोर पर क्रीज में मौजूद हैं। मुंबई ने एक बड़ा विकेट 13वें ओवर में गंवाया। अश्विन की स्पिन के जाल में उलझकर किरोन पोलार्ड खाता खोलने के पहले ही रबाडा को कैच थमा बैठे। मुंबई ने चौथा विकेट 101 रन के स्कोर पर खोया।
अर्धशतक लगातार सूर्यकुमार आउट : मुंबई ने तीसरा विकेट 100 रन के कुल स्कोर पर (11.5 ओवर) सूर्यकुमार यादव का खोया। एनरिच नोर्त्जे की गेंद पर कैच आउट होने के पहले सूर्यकुमार ने 38 गेंदों में 6 चौकों व 2 छक्के की मदद से 51 रन बनाए। 

10 ओवर में मुंबई इंडियंस का स्कोर 93/2 : 10 ओवर में मुंबई इंडियंस ने 2 विकेट खोकर 93 रन बना लिए हैं। सूर्यकुमार यादव 45 और इशान किशन 5 रन पर नाबाद हैं। दिल्ली कैपिटल्स के रविचंद्रन अश्विन ने 3 ओवर में 26 रन देकर 2 विकेट झटके हैं।
 
मुंबई का दूसरा विकेट गिरा, डी कॉक आउट : 7.4 ओवर में मुंबई ने दूसरा विकेट सलामी बल्लेबाज क्विंट डी कॉक का 78 के कुल स्कोर पर गंवाया। 25 गेंदों पर 5 चौके और 1 छक्के की सहायता से 40 रन बनाने वाले डी कॉक अश्विन की गेंद पर शिखर धवन द्वारा लपके गए।

डी कॉक की आक्रामक बल्लेबाजी से मुंबई संभला : सलामी बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक की आक्रमक बल्लेबाजी ने दिल्ली के खेमे में तहलका मचा दिया है। डी कॉक ने 24 गेंदों पर 40 रन ठोंक दिए हैं जबकि सूर्यकुमार यादव 17 गेंदों पर 28 रन बनाकर नाबाद हैं। मुंबई ने 7 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 71 रन बनाए हैं।
 
मुंबई को बड़ा झटका, रोहित शर्मा आउट : दिल्ली कैपिटल्स के स्पिन जादूगर रविचंद्रन अश्विन ने दूसरे ही ओवर की तीसरी गेंद पर मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा (0) को पगबाधा आउट कर दिया। तब स्कोर 16 रन था। 
 
मुंबई ने किए 3 बदलाव : मुंबई इंडियंस ने इस महत्वपूर्ण मैच के लिए 3 बदलाव किए हैं। जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट और हार्दिक पांड्‍या की वापसी हुई है। दूसरी तरफ दिल्ली की टीम ने कोई बदलाव नहीं किया है।
 
मुंबई अंक तालिका में टॉप पर : मुंबई इंडियंस ने आईपीएल की अंक तालिका में टॉप पर रहकर प्लेऑफ में जगह बनाई जबकि दिल्ली कैपिटल्स की टीम दूसरे स्थान पर रही। आज के मैच को जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी जबकि हारने वाली टीम को फाइनल में पहुंचने का एक अवसर और मिलेगा। 
 
प्लेऑफ में मुंबई का अच्छा प्रदर्शन : आईपीएल के प्लेऑफ मुकाबलों में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन शानदार रहा है। मुंबई इंडियंस ने पांच प्लेऑफ मैचों में से 4 में जीत हासिल की है। दूसरी तरफ दिल्ली कैपिटल्स को 6 में से 5 प्लेऑफ मुकाबलों में हार का कड़वा घूंट पीना पड़ा है।
 
लीग में मुंबई की टीम दिल्ली को हरा चुकी है : इस मैच में मुंबई की टीम बढ़े हुए मनोबल के साथ मैदान में उतरी है क्योंकि उसने लीग स्टेज के दोनों मुकाबलों में दिल्ली को शिकस्त दी है। लीग के पहले मैच में मुंबई ने दिल्ली को 5 विकेट से और दूसरे मैच में 9 विकेट से हराया था।
 
दोनों टीमें इस प्रकार हैं : मुंबई इंडियंस : क्विंटन डी कॉक, रोहित शर्मा (कप्तान), सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन, कीरोन पोलार्ड, हार्दिक पांड्या, क्रुणाल पांड्या, राहुल चाहर, नाथन कूल्टर नाइल, ट्रेंट बोल्ट और जसप्रीत बुमराह।
 
दिल्ली कैपिटल्स : शिखर धवन, पृथ्वी शॉ, अजिंक्य रहाणे, श्रेयस अय्यर (कप्तान), ऋषभ पंत, मार्कस स्टोइनिस, अक्षर पटेल, कागिसो रबाडा, रविचंद्रन अश्विन, डेनियल सैम्स, एनरिच नोर्त्जे। 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी