मुंबई के बल्लेबाजों ने फिर किया निराश, 4 मैचों में आया सिर्फ 1 अर्द्धशतक

मंगलवार, 20 अप्रैल 2021 (22:30 IST)
5 बार की आईपीएल चैंपियन मुंबई इंडियन्स के बल्लेबाजों के लिए यह सीजन अच्छा नहीं जा रहा। हालात यह है कि मुंबई 4 मैच खेल चुकी है और सिर्फ एक बल्लेबाज ने 50 का आंकड़ा छुआ है। यह बल्लेबाज है सूर्यकुमार यादव जिन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 7 चौके और 2 छक्कों की मदद से 36 गेंदो में 56 रन बनाए थे।
 
सूर्यकुमार यादव भी इस पारी के बाद अपने फॉर्म को आगे नहीं बढ़ा सके हैं।यह हैरानी की बात है पिछले सीजन में टॉप 10 बल्लेबाजों की फहरिस्त में मुंबई इंडियन्स के तीन बल्लेबाज शुमार थे। सूर्यकुमार यादव (480 रन) सातवें स्थान पर, क्विंटन डि कॉक (503 रन) छठवे स्थान पर और इशान किशन (516 रन) पांचवे स्थान पर। 
 
यही नहीं इशान किशन और सूर्यकुमार यादव ने तो आईपीएल 2020 के आधार पर ही राष्ट्रीय टीम में जगह पायी। लेकिन पता नहीं इस बार इन दोनों को क्या हो गया है। वहीं क्विंटन डि कॉक के हाल तो और भी बुरे हैं वह फॉर्म में ही नहीं आ परे हैं।
 
रोहित शर्मा की बात करें तो वह हर बार सेट होकर आउट हो रहे हैं। कोलकाता के खिलाफ 43 तो आज दिल्ली के खिलाफ वह 44 रन बनाकर अपना विकेट गंवा बैठे। मुंबई इंडियन्स की लचर बल्लेबाजी का ट्विटर पर काफी मजाक भी उड़ा है।

वैसे यह पिच का बदलाव भी हो सकता है क्योंकि आईपीएल 2020 संयुक्त अरब अमीरात में खेला गया था और इस बार भारत में खेला जा रहा है वह भी हाल फिलहाल 2 मैदानों पर। इस कारण चेन्नई की पिच तो छोड़िए मुंबई की पिच ही धीमी होती जा रही है। मुंबई की पिच पर मुंबई इंडियन्स इस बार खेल भी नहीं सकती क्योंकि वह उनका घरेलू मैदान है। 
 
5 बार की आईपीएल चैंपियन को अगर आईपीएल जीतने की हैट्रिक लगानी है तो बल्लेबाजी में बहुत सुधार की जरूरत है, नहीं तो इस बार आईपीएल की चमचमाती ट्रॉफी कोई और फ्रैंचाइजी उठा सकती है। (वेबदुनिया डेस्क)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी