मुंबई इंडियन्स की बल्लेबाजी की बढ़ेगी धार, फिट हो गए हैं सूर्यकुमार

गुरुवार, 31 मार्च 2022 (16:45 IST)
मुंबई:भारतीय बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव अपनी उंगली की चोट से उबरने के बाद राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच से पहले गुरुवार को अपनी टीम मुंबई इंडियन्स से जुड़ गये।पांच बार के चैंपियन मुंबई इंडियन्स ने गुरुवार को कहा की सूर्यकुमार ने अपना पृथकवास पूरा कर लिया है और टीम से जुड़ गये है।

पिछले महीने वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू श्रृंखला के दौरान उंगली में चोट लगने के बाद वह राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में पुनर्वास के दौर से गुजर रहे थे। वह 27 मार्च को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुंबई इंडियन्स के लिए सत्र के शुरुआती आईपीएल मैच में नहीं खेल सके थे।

फ्रेंचाइजी से जारी बयान के मुताबिक, ‘‘ सूर्यकुमार यादव अपने अनिवार्य पृथकवास से बाहर आ गये है। उन्होंने टीम के अपने साथी कीरोन पोलार्ड, ईशान किशन और जसप्रीत बुमराह के साथ सत्र में हिस्सा लिया था। उनकी मौजूदगी से टीम उत्साहित है।’’

मुंबई को 27 मार्च को दिल्ली ने चार विकेट से हराया था। टीम 178 रन के स्कोर का बचाव करने में विफल रही थी। दिल्ली ने अक्षर पटेल और ललित यादव के बीच सातवें विकेट के लिए अटूट 75 रन की साझेदारी के दम पर मैच को 18.2 ओवर में जीत लिया था।

आईपीएल 2021 में रहा था ऐसा प्रदर्शन

मुंबई इंडियंस की टीम ने सूर्यकुमार को 2019 में ख़रीदा था। उसके बाद से सूर्यकुमार ने मुंबई के लिए एक शीर्ष क्रम के बल्लेबाज़ के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। भले ही पांच बार आईपीएल जीतने वाली मुंबई की टीम पिछले सीज़न में नॉकआउट स्टेज तक नहीं पहुंच सकी थी लेकिन सूर्यकुमार का शानदार प्रदर्शन जारी रहा था।
उन्होंने पिछले साल 143.43 की स्ट्राइक रेट और 22 के औसत से 317 रन बनाए। सूर्यकुमार यादव को 8 करोड़ में रिटेन किया गया।

सूर्यकुमार के लिए सबसे अच्छी बात यह है कि वह किसी भी पोज़िशन पर आकर खेल सकते हैं और खेल के शुरुआत से ही गेंदबाज़ों पर प्रहार करने में वह ज़्यादा समय नहीं लेते। इसी कारण से वह मुंबई के महत्वपूर्ण बल्लेबाज़ों में से एक हैं।

आईपीएल 2020 से रास्ता बनाया राष्ट्रीय टीम में

आईपीएल 2020 में  सूर्यकुमार यादव सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में सातवें स्थान पर थे। सूर्यकुमार यादव ने 16 मैचों में 40 की औसत से 480 रन बनाए थे। उन्होंने अपने बल्ले से कई अहम मौके पर मुंबई की जीत सुनिश्चित की थी। सूर्यकुमार एक फिनिशर की भूमिका में आईपीएल 2020 में उभरे। इस कारण उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 और वनडे सीरीज में मौका मिला।
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी