IPL EL CLASICO : IPL 2024 का सबसे बड़ा मैच, क्या होगा जब भिड़ेगी इतिहास में सबसे ज्यादा बार ट्रॉफी जितने वाली टीमें

WD Sports Desk

रविवार, 14 अप्रैल 2024 (13:44 IST)
IPL 2024, MI vs CSK Match Preview : गत चैम्पियन चेन्नई सुपर किंग्स और मेजबान मुंबई इंडियंस इंडियन प्रीमियर लीग के मैच में रविवार को आमने सामने होंगी तो नजरें महेंद्र सिंह धोनी पर रहेंगी जिनका वानखेड़े स्टेडियम पर संभवत: यह आखिरी मैच होगा।
 
चेन्नई सुपर किंग्स पहली बार मुंबई में धोनी की कप्तानी के बिना खेलेगी । नवंबर 2005 के बाद किसी भी टीम के साथ सिर्फ एक खिलाड़ी के तौर पर वह यहां पहली बार खेलेंगे।
 
42 वर्ष की उम्र में भी विकेट के पीछे धोनी कमाल का प्रदर्शन कर रहे हैं और खेल की उनकी समझ का कोई सानी नहीं। चेन्नई को उम्मीद है कि बाहरी मैदान पर इस सत्र में खराब रिकॉर्ड सुधारने में धोनी का रणनीतिक कौशल काम आयेगा।
 
मुंबई के खिलाफ पिछले पांच मैचों में चेन्नई ने चार जीते हैं, पांच पांच बार आईपीएल खिताब जीत चुकी टूर्नामेंट की दो सबसे कामयाब टीमों के कप्तान इस बार बदले हैं। मुंबई ने रोहित शर्मा की जगह हार्दिक पंड्या को कप्तान बनाया जबकि चेन्नई की कमान धोनी ने रूतुराज गायकवाड़ को दी। इसके बावजूद दोनों टीमों की मैदानी प्रतिद्वंद्विता जस की तस रहने की उम्मीद है।


ALSO READ: IPL 2024 : रोहित शर्मा क्या अगले साल MS Dhoni की जगह बनेंगे CSK के कप्तान?
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के खिलाफ 200 के करीब का लक्ष्य हासिल करने वाले मुंबई के बल्लेबाजों को रोकना चेन्नई के गेंदबाजों के लिये कठिन चुनौती होगा।
 
खराब शुरूआत के बाद पंड्या की मुंबई इंडियंस ने वापसी की है। पिछले दो मैचों में उसके बल्लेबाजों का प्रदर्शन शानदार रहा है। सूर्यकुमार यादव ने आरसीबी के खिलाफ 17 गेंद में अर्धशतक जड़ डाला। चेन्नई के गेंदबाजों ने चेपॉक की धीमी पिच पर अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन सपाट और बल्लेबाजों की मददगार पिचों पर अभी तक उनकी परीक्षा नहीं हुई है।
 
ईशान किशन और रोहित शर्मा की शुरूआती साझेदारी मुंबई के लिये अहम रहेगी।

ALSO READ: MI vs CSK : Hardik Pandya को लेकर विदेशी कमेंटेटर ने किया बड़ा दावा, T20 World Cup को लेकर बढ़ी टेंशन
दूसरी ओर चेन्नई को कप्तान गायकवाड़, रचिन रविंद्र, डेरिल मिचेल , शिवम दुबे, रविंद्र जडेजा और धोनी से अच्छी पारियों की उम्मीद होगी। उन्हें जसप्रीत बुमराह ( 10 विकेट ) से भी बचकर रहना होगा ।
 
चेन्नई की गेंदबाजी की कमान मुस्ताफिजूर रहमान, जडेजा, शार्दुल ठाकुर और तुषार देशपांडे के हाथों में होंगी।(भाषा) 
 
टीमें :
 
मुंबई इंडियंस: हार्दिक पंड्या (कप्तान), रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, डेवाल्ड ब्रेविस, जसप्रीत बुमराह, पीयूष चावला, जेराल्ड कोएत्ज़ी, टिम डेविड, श्रेयस गोपाल, ईशान किशन (विकेटकीपर), अंशुल कंबोज, कुमार कार्तिकेय, आकाश मधवाल, क्वेना मफाका , मोहम्मद नबी, शम्स मुलानी, नमन धीर, शिवालिक शर्मा, रोमारियो शेफर्ड, अर्जुन तेंदुलकर, नुवान तुषारा, तिलक वर्मा, विष्णु विनोद, नेहल वढेरा, ल्यूक वुड।
 
चेन्नई सुपरकिंग्स: महेंद्र सिंह धोनी, अरावेली अवनीश, डेवोन कॉनवे, रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), अजिंक्य रहाणे, शेख रशीद, मोईन अली, शिवम दुबे, आरएस हंगरगेकर, रविंद्र जडेजा, अजय जादव मंडल, डेरिल मिशेल, रचिन रवींद्र, मिचेल सेंटनर, निशांत सिंधू , दीपक चाहर, तुषार देशपांडे, मुकेश चौधरी, मुस्तफिजुर रहमान, मथीसा पथिराना, सिमरजीत सिंह, प्रशांत सोलंकी, शारदुल ठाकुर, महेश तीक्षणा और समीर रिज्वी।
 
मैच का समय : शाम साढे सात बजे से। 
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी