इंदौरी लड़के ने पूरा किया विराट सपना, पाटीदार अपने आइडल को रोता देख हुए भावुक, निभाया खुद से किया वादा [VIDEO]

कृति शर्मा

बुधवार, 4 जून 2025 (16:23 IST)
RCB's Lucky Charm Rajat Patidar : जब IPL के 18वें सीजन के लिए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (Royal Challengers Bengaluru) ने 2022 से 2024 तक टीम की कप्तानी करने वाले फाफ डु प्लेसिस को रिटेन नहीं किया, तो सभी क्रिकेट फैंस के मन में सवाल था, क्या विराट कोहली (Virat Kohli) फिर से टीम की कमान संभालेंगे या कोई और विदेशी खिलाड़ी कप्तान बनेगा? लेकिन इन सब अनुमान के बीच, RCB ने विराट कोहली की सहमति से इंदौर के खिलाड़ी रजत पाटीदार को कप्तान बनाकर उन पर भरोसा जताया और रजत ने 3 जून को साबित कर दिया कि वे वह काम कर सकते हैं जो अब तक कोई नहीं कर पाया। उनकी कप्तानी में RCB ने अपनी पहली IPL ट्रॉफी जीतकर विराट कोहली के लिए खास इतिहास रच दिया।
 
रजत पाटीदार की कैप्टेंसी में RCB इतिहास में पहली ऐसी टीम भी बनी जिसने लीग स्टेज में अपने सभी अवे (Away) मैच जीतकर अपनी ताकत दिखाई।


 
20 लाख में थे लवनीथ सिसोदिया का रिप्लेसमेंट, अब रच रहे हैं इतिहास
यह जानकर आप जरूर हैरान होंगे कि 2022 में 31 साल के इस खिलाड़ी को केवल 20 लाख रुपए में लवनीथ सिसोदिया (Luvnith Sisodia) के रिप्लेसमेंट के रूप में टीम में लिया गया था। अब 2025 में इंदौर के इस खिलाड़ी ने IPL की मशहूर टीम RCB की कप्तानी करते हुए ऐसी इतिहास रचा जो एक क्रिकेट फैन कभी नहीं भूल पाएगा।  

अपने आइडल विराट कोहली को देख भावुक हो उठे रजत
रजत पाटीदार ने RCB के फैंस को वह खुशी दी, जिसकी उन्हें 18 सालों से तलाश थी। मैच में 19 वें ओवर में पसीने से भीगे विराट कोहली थोड़े अधीर नजर आ रहे थे। आखिरकार, उनका और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का पहला IPL खिताब बस एक ओवर दूर था। जोश हेजलवुड ने 20वें ओवर में RCB की जीत पक्की कर दी। कोहली की आंखें भर आईं और आंसू उनके कपालों पर बहने लगे। उन्होंने अपना चेहरा हथेली में छिपा लिया। आरसीबी के खिलाड़ी उन्हें घेरकर खुशी से झूमने लगे। 18 नंबर की जर्सी का 18 सालों का इंतजार खत्म हुआ।
 
रजत भी विराट को देखकर भावुक हो गए। उन्होंने अपने आदर्श को वह खुशी दी, जिसका विराट हमेशा से इंतजार कर रहे थे। रजत टीम के लिए खुश थे, लेकिन उससे भी ज्यादा वह अपने आइडल के लिए गर्व और खुशी महसूस कर रहा था।
IPL फाइनल से पहले रजत ने कहा था कि वे यह ट्रॉफी विराट के लिए जितने में अपनी जान झोंक देंगे, जिन्होंने RCB और भारतीय टीम को बहुत कुछ दिया है। और अब, उन्होंने यह कर दिखाया। रजत की खुशी और गर्व दोनों ही असली थे।

ALSO READ: विजय माल्या के बेटे ने खुशी में बहाए आंसू, RCB की पहली ट्रॉफी पर छलके जज़्बात, Video Viral

 
डोमेस्टिक में भी किया है कमाल
IPL से पहले रजत ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपनी घरेलू टीम मध्यप्रदेश को फाइनल तक पहुंचाया। हालांकि फाइनल में मुंबई से 5 विकेट से हार हुई, लेकिन इस टूर्नामेंट में वे दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।
 
उन्होंने 10 मैचों में 61.14 की औसत और 186.08 के स्ट्राइक रेट से कुल 428 रन बनाए। साथ ही विजय हजारे ट्रॉफी में भी उन्होंने 56.50 की औसत और 107.10 की स्ट्राइक रेट से 226 रन बनाए।

RCB में रजत पाटीदार का सफर
रजत ने RCB के साथ अपनी शुरुआत 2021 में की, लेकिन उस सीजन 4 मैचों में सिर्फ 71 रन ही बना पाए। 2022 में वे चोटिल लवनीथ सिसोदिया (Luvnith) की जगह 20 लाख रुपए में वापस टीम में शामिल हुए। उस सीजन पाटीदार ने 333 रन बनाए, जिसमें उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 112 रन था यह पारी कोलकाता के ईडन गार्डन्स में लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ एलिमिनेटर में खेली गई थी।
 
चोट के कारण वे 2023 का हिस्सा नहीं बन सके। लेकिन 2024 में उन्होंने 15 मैचों में 395 रन बनाए, जिनमें 5 अर्धशतक शामिल थे। IPL 2025 में भी उन्होंने 15 मैचों में 312 रन देकर अपनी काबिलियत दिखाई।
 
रजत पाटीदार अब RCB के लिए सिर्फ खिलाड़ी नहीं, बल्कि टीम के लिए लकी चार्म और New Era के कप्तान हैं, जिन्होंने टीम को पहली IPL ट्रॉफी दिलाने का सपना पूरा कर इतिहास रच दिया।

ALSO READ: '18' नंबर का रहस्य: किस्मत, क्रिकेट और कायनात ने रचा RCB की जीत का जादू

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी