Karnataka Elections 2023 : संप्रुभता शब्द के उपयोग पर सोनिया गांधी की चुनाव आयोग में शिकायत, कांग्रेस की मान्यता रद्द करने की मांग

सोमवार, 8 मई 2023 (16:47 IST)
बेंगलुरु। Karnataka poll 2023 update : भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सोमवार को कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi)  के उस बयान को लेकर चुनाव आयोग (Election Commission of India) में शिकायत दर्ज कराई। इसमें उन्होंने कहा था कि पार्टी किसी को भी कर्नाटक की ‘प्रतिष्ठा, संप्रभुता या अखंडता’ के लिए खतरा पैदा नहीं करने देगी।
 
पार्टी ने ‘संप्रभुता’ शब्द के इस्तेमाल के लिए वरिष्ठ कांग्रेस नेता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और दंडात्मक कार्रवाई करने का निर्देश जारी करने का भी अनुरोध किया।
 
यह उल्लेख करते हुए कि परिभाषा के अनुसार ‘संप्रभु’ एक स्वतंत्र राष्ट्र है, भाजपा ने शिकायत में कहा कि जब कोई देश स्वतंत्र हो जाता है, तो उस देश को संप्रभु देश कहा जाता है। 
 
भारत एक संप्रभु देश है और कर्नाटक राज्य इसका एक गौरवशाली हिस्सा है। आज तक किसी ने भी राष्ट्र की संप्रभुता के साथ कन्नड़ लोगों की अखंडता के बारे में कोई सवाल नहीं उठाया।
 
शिकायत में कहा गया है कि कांग्रेस जो कह रही है उसका अर्थ यह है कि कांग्रेस का मानना है कि कर्नाटक भारत से अलग है। यह कथन प्रकृति में विभाजनकारी है। इसका उद्देश्य नागरिकों को विभाजित करना और विभिन्न राज्यों के दो लोगों के बीच दरार पैदा करना है। कर्नाटक भारत से अलग नहीं है। यह एक चौंकाने वाला बयान है, जिससे विभाजनकारी भावनाएं भड़कती हैं और समाज में वैमनस्य पैदा होता है।
 
कांग्रेस ने शनिवार को हुबली में एक चुनावी रैली में सोनिया गांधी के भाषण का जिक्र करते हुए एक ट्वीट में कहा था कि कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष ने ‘‘6.5 करोड़ कन्नड़ लोगों को एक कड़ा संदेश दिया। पार्टी ने उनकी तस्वीर भी साझा की, जिसमें वह जनसभा को संबोधित करते दिख रही हैं।
 
कांग्रेस ने ट्वीट किया था कि कांग्रेस किसी को भी कर्नाटक की प्रतिष्ठा, संप्रभुता या अखंडता के लिए खतरा पैदा नहीं करने देगी।
 
शिकायत दर्ज कराने वाली केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने इस बयान को ‘चौंकाने वाला और अस्वीकार्य’ बताते हुए कहा कि सोनिया ने आदर्श चुनाव आचार संहिता के प्रावधानों का उल्लंघन किया है।
 
उन्होंने ‘ऐसा बयान’ देने के लिए सोनिया गांधी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने का आग्रह किया।
 
भाजपा चुनाव प्रबंधन समिति की संयोजक करंदलाजे ने निर्वाचन आयोग से वरिष्ठ कांग्रेस नेता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और दंडात्मक कार्रवाई करने का निर्देश जारी करने का भी अनुरोध किया।
 
उन्होंने कहा कि यह कर्नाटक के स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान है, जिन्होंने भारत की आजादी के लिए लड़ाई लड़ी। यह करोड़ों देशभक्त कन्नड़ लोगों का अपमान है, जो भारत की कसम खाते हैं और अपनी भारतीयता को संजोते हैं।
 
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गांधी के इस बयान से भाषा और राज्य के आधार पर विभाजन होगा।
 
ज्ञात हो कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कर्नाटक में 10 मई को होने जा रहे विधानसभा चुनाव से पहले अपनी अंतिम प्रचार रैली में रविवार को सोनिया गांधी के इसी बयान के मद्देनजर आरोप लगाया था कि कांग्रेस कर्नाटक को भारत से ‘‘अलग करने’’ की खुलकर वकालत कर रही है।
 
सोनिया गांधी द्वारा शनिवार को हुबली में एक चुनावी रैली को संबोधित किये जाने के बाद प्रधानमंत्री ने यह आरोप लगाया था। भाषा Edited By : Sudhir Sharma

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी