रिलायंस खाड़ी में निवेश करेगा

बुधवार, 12 दिसंबर 2007 (14:24 IST)
भारत का सबसे बड़ा औद्योगिक समूह रिलायंस इंडस्ट्रीज खाड़ी देशों में अगले दस वर्षों में पेट्रो रसायन परियोजनाओं में 24 अरब डॉलर यानी करीब 1000 अरब रुपए निवेश करेगा।

रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने कहा है कि रिलायंस की खाड़ी के देशों में अनेक पेट्रो रसायन परियोजनाएँ स्थापित करने की योजना है। प्रत्येक परियोजना पर चार अरब से छह अरब डॉलर का निवेश होने का अनुमान है।

अंबानी ने कहा कि दुनिया के इस हिस्से में और उससे आगे हमारे भावी निवेश के लिए दुबई प्रवेश द्वार होगा। उन्होंने कहा कि हम दुबई में अपने कर्मचारियों की संख्या बढ़ाकर यहाँ के कार्यालय को मजबूत करेंगे। दुबई कंपनी के अंतरराष्ट्रीय कारोबार का मुख्य केन्द्र होगा।

उन्होंने कहा कि हम 30 अरब से 40 अरब डॉलर का तेल आयात करते हैं। उसमें से ज्यादातर खाड़ी देशों से आता है। हम उसे परिष्कृत कर यूरोप और अमेरिका को 80 अरब डॉलर मूल्य का गैसोलिन निर्यात करते हैं।

मुकेश अंबानी ने कहा कि खाड़ी में कंपनी की स्थिति को मजबूत कर हम भारतीय बाजार को खाड़ी में ला रहे हैं। क्षेत्र की जैव विविधता हमारे लिए भारी अवसर प्रदान कर रही है। इस क्षेत्र के पास सम्पदा है और हमारे पास तकनीक है।

वेबदुनिया पर पढ़ें