बजट से पहले मोदी सरकार के लिए खुशखबरी, रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा GST कलेक्शन

रविवार, 31 जनवरी 2021 (23:37 IST)
नई दिल्ली। माल एवं सेवा कर (GST) का संग्रह जनवरी में 1.20 लाख करोड़ रुपए के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गया। वित्त मंत्रालय ने रविवार को इसकी जानकारी दी।
 
मंत्रालय ने कहा कि यह पिछले 5 महीनों में जीएसटी राजस्व संग्रह के रुख के अनुरूप है। जनवरी 2021 में जीएसटी संग्रह सालभर पहले की तुलना में 8 प्रतिशत अधिक है।
 
वित्त मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि जनवरी 2021 में 31 तारीख की शाम 6 बजे तक जीएसटी राजस्व संग्रह 1,19,847 करोड़ रुपए रहा।

इसमें केंद्रीय जीएसटी (सीजीएसटी) 21,923 करोड़ रुपए, राज्यों का जीएसटी (एसजीएसटी) 29,014 करोड़ रुपए, एकीकृत जीएसटी (आईजीएसटी) 60,288 करोड़ रुपए (सामानों के आयात से प्राप्त 27,424 करोड़ रुपए) और उपकर 8,622 करोड़ रुपए (माल के आयात पर एकत्र 883 करोड़ रुपए सहित) शामिल है। जीएसटी बिक्री रिटर्न दाखिल करने की अधिक संख्या के कारण यह आंकड़ा और अधिक हो सकता है। (भाषा) 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी