धोनी नहीं जा पाए महाकालेश्वर मंदिर

बुधवार, 19 नवंबर 2008 (11:57 IST)
नीलमेघ चतुर्वेदी/ शैलेष व्या
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेन्द्रसिंह धोनी और गेंदबाजी के कोच वेंकटेश प्रसाद इंदौर में हुए वन-डे मैच की सफलता के अगले दिन मंगलवार को उज्जैन आए थे।

धोनी किन्हीं कारणों से महाकालेश्वर मंदिर नहीं जा सके, लेकिन वेंकटेश प्रसाद ने भगवान महाकाल की पूजा-अर्चना की। टीम के दोनों ही सदस्य अलग-अलग समय पर आए थे।

भारतीय क्रिकेट के हीरो महेन्द्रसिंह धोनी (माही) उज्जैन के 'जीरो पाइंट' कहे जाने वाले स्थान पर लगभग तीन घंटे रहे। यह समय उन्होंने अपने परिवारजनों के बीच बिताया। इस दौरान उन्हें यामाहा आरडी-350 के एंटिक पीस की मोटरसाइकल सुसज्जित कर भेंट की गई।

व्यवस्था कारणों के चलते इच्छा होने के बावजूद माही भगवान महाकालेश्वर के दर्शन नहीं कर सके। हालाँकि उन्होंने इंदौर लौटते समय हरिफाटक ओवरब्रिज से महाकालेश्वर मंदिर के शिखर दर्शन जरूर किए।

इस अद्वितीय हीरो के लिए लक्जरी कारें और हवाई जहाज सहजता से उपलब्ध होते हैं, फिर भी इसने इंदौर से उज्जैन और वापसी की यात्रा एक सामान्य-सी कार मारुति एस्टीम में की। (नईदुनिया)

वेबदुनिया पर पढ़ें