विकेटकीपर धोनी का नया रिकॉर्ड

रविवार, 24 जनवरी 2010 (22:45 IST)
कप्तान महेंद्रसिंह धोनी रविवार को बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे और अंतिम टेस्ट के पहले दिन एक टेस्ट पारी में पाँच शिकार कर तीन बार यह कारनामा करने वाले पहले भारतीय विकेटकीपर बने।

धोनी ने आज पहले दिन का खेल समाप्त होने पर बांग्लादेश के तीन कैच और दो स्टंप से पाँच शिकार किए। बांग्लादेश की टीम पहली पारी में 233 रन पर सिमट गई।

धोनी कप्तान के तौर पर एक पारी में पाँच शिकार कर इंग्लैंड के एलेक स्टेवार्ट और ऑस्ट्रेलिया के एडम गिलक्रिस्ट के साथ यह उपलब्धि हासिल करने वाले विकेटकीपरों की कतार में शामिल हो गए।

बांग्लादेश के खिलाफ अपने तीसरे टेस्ट में धोनी ने अपने शिकारों की संख्या 12 कर ली, जो दिनेश कार्तिक के पाँच टेस्ट में 12 की संख्या के बराबर है।

धोनी ने टेस्ट में अभी तक 125 शिकार किए हैं, जिसमें 105 कैच और 20 स्टंप हैं। उनका बतौर विकेटकीपर विदेशी सरजमीं पर रिकॉर्ड बेहतरीन हैं। उन्होंने भारत में 20 टेस्ट में 54 और विदेशी सरजमीं पर 21 टेस्ट में 71 शिकार किए हैं। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें