फिंच छाती में गेंद लगने के बाद अस्पताल में भर्ती

मंगलवार, 23 जून 2015 (16:11 IST)
बर्मिंघम। ऑस्ट्रेलियाई ओपनर आरोन फिंच को वारसेस्टरशायर के खिलाफ यॉर्कशायर के लिए एक काउंटी मैच के दौरान छाती पर गेंद लगने के बाद अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है।
बर्मिंघम के निकट बर्टं ग्रीन में खेले जा रहे मैच में यह घटना उस वक्त हुई जब फिंच वारसेस्टरशायर के खिलाफ मैच में बल्लेबाजी कर रहे थे। तेज गेंदबाज क्रिस रसेल की गेंद को पुल करने का प्रयास कर रहे फिंच की छाती पर तेजी से गेंद लग गई।
 
चोट लगने के बाद फिंच के मुंह से खून आने लगा जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। फिंच के अस्पताल में कई स्कैन किए गए और उसके बाद उन्हें छुट्टी दे गई।
 
फिंच उस समय 19 रन बना कर खेल रहे थे। आईपीएल में मुंबई इंडियंस की तरफ से खेलने वाले फिंच इससे पहले हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण दो महीने मैदान से बाहर रहे थे।
 
28 वर्षीय ऑस्ट्रेलियाई ओपनर की चोट को लेकर अस्पताल की ओर से आधिकारिक जानकारी फिलहाल नहीं दी गई है लेकिन यॉर्कशायर ने इस खबर की पुष्टि कर एक बयान जारी किया है।
 
काउंटी टीम ने कहा कि अस्पताल से फिंच की रिपोर्ट अभी तक नहीं आई हैं लेकिन हम इस बात की पुष्टि कर रहे हैं कि वह आगे इस मैच में नहीं खेलेंगे।(वार्ता)
 

वेबदुनिया पर पढ़ें