अजिंक्य रहाणे को अब मुंबई की रणजी टीम में भी नहीं मिली जगह

WD Sports Desk

शुक्रवार, 5 जनवरी 2024 (15:48 IST)

शुक्रवार से शुरु हुई रणजी ट्रॉफी में उस वक्त मुंबई की टीम में एक चौंकाने वाला फैसला हुआ जब 35 वर्षीय अजिंक्य रहाणे का नाम उसमें नदारद था। हाल ही में दक्षिण अफ्रीका दौरे से बाहर हुए अजिंक्य रहाणे के लिए यह दोहरा झटका साबित हो सकता है।

अजिंक्य रहाणे जहां ट्विटर पर अपने नेट सत्र के वीडियो अपलोड कर रहे थे ऐसे में उन्हें मुंबई बनाम बिहार के रणजी मैच में शामिल ना करने पर यह संदेश जा रहा है कि भारतीय टीम तो दूर उनको अब रणजी टीम में भी शामिल होने के लिए समय कम बचा है।

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में अर्धशतक बनाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे को वेस्टइंडीज दौरे पर शामिल किया गया था। हालांकि कैरिबियाई दौरे पर वह कुछ खास नहीं कर पाए थे।करीब 1 साल बाद टेस्ट टीम में वापसी करने वाले अजिंक्य रहाणे को जून में हुए विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में मौका मिला था जिसमें उन्होंने 80 से ज्यादा रन बनाकर टीम को फॉलोऑन बचाया था।

ALSO READ: अजिंक्य रहाणे खेल चुके हैं अपना आखिरी टेस्ट, दक्षिण अफ्रीका दौरे में नाम नहीं

अजिंक्य रहाणे ने अपना टेस्ट पदार्पण साल 2013 में किया था। अभी तक वह कुल 85 टेस्ट खेल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 38.5 की औसत के साथ 5077 रन बनाए हैं, जिसमें 12 शतक और 26 अर्धशतक शामिल है।

साल 2011 में अपने सफेद गेंद करियर का आगाज करने वाले अजिंक्य रहाणे अपना आखिरी टी-20 मैच साल 2016 के टी-20 विश्वकप सेमीफाइनल में खेल चुके थे जहां उनकी धीमी पारी ने टीम इंडिया का वेस्टइँडीज के खिलाफ खासा नुकसान किया था।इसके अलावा उन्होंने आखिरी वनडे 2018 में खेला था।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी