बेन स्टोक्स का ऑपरेशन, टोपले 3 महीने के लिए बाहर

बुधवार, 25 मई 2016 (19:28 IST)
लंदन। इंग्लैंड के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स के घुटने का मंगलवार को यहां ऑपरेशन करवाया गया जबकि रीस टोपले भी चोटिल होने के कारण 3 महीने तक नहीं खेल पाएंगे।
स्टोक्स इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच खेले गए पहले टेस्ट मैच के दौरान चोटिल हो गए थे। वे अब इस श्रृंखला के बाकी मैचों में नहीं खेल पाएंगे। इसके अलावा उनका पाकिस्तान के खिलाफ श्रृंखला के शुरुआती मैचों में भी खेलना संदिग्ध है।
 
इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने बयान में कहा कि बेन स्टोक्स के दाएं घुटने का ऑपरेशन किया गया है। उनके रिहैबिलिटेशन में कितना समय लगेगा, समय पर इसकी पुष्टि की जाएगी।
 
इससे पहले स्टोक्स ने ट्वीट किया था कि श्रृंखला के बाकी मैचों में नहीं खेल पाऊंगा जिससे आहत हूं। मैं पिछले 2-3 वर्षों से घुटने दर्द से परेशान था लेकिन अभी तक इसी तरह से खेल रहा था। मेरे साथी खिलाड़ियों को बाकी मैचों के लिए शुभकामनाएं।
 
इंग्लैंड ने स्टोक्स की अनुपस्थिति में क्रिस वोक्स को टीम में चुना है। इस बीच इंग्लैंड की विश्व टी-20 टीम का हिस्सा रहे टोपले भी अंगूठे की चोट के कारण अप्रैल से बाहर हैं। अब वे पीठ में दर्द से परेशान हैं। ईसीबी ने कहा कि वे अगले 3 महीने तक नहीं खेल पाएंगे और इस सत्र के आखिर में वापसी करेंगे। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें