नई दिल्ली। तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने प्रोन्नत कर 2014-15 सत्र के लिए ग्रेड 'ए' दे दिया है, जबकि युवराज सिंह और गौतम गंभीर को अनुबंधित खिलाड़ियों की सूची से हटा दिया।
बीसीसीआई ने भुवनेश्वर को उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन का इनाम देते हुए पिछले वर्ष के ग्रेड 'बी' से प्रोनन्त कर ग्रेड 'ए' दे दिया है। वह ग्रेड ए में कतान महेन्द्र सिंह धोनी, विराट कोहली, सुरेश रैना और रविचन्द्रन अश्विन के साथ जुड़ गए हैं। क्रिकेट से संन्यास ले चुके सचिन तेंदुलकर 'ए' ग्रेड से हटाए गए हैं।
मोहम्मद शमी, अम्बाती रायुडू और अजिंक्य रहाणे को ग्रेड 'सी' से प्रोन्नत कर ग्रेड 'बी' में जगह दी गई है जबकि गौतम गंभीर, युवराज सिंह, दिनेश कार्तिक और जयदेव उनादकात को ग्रेड सूची से हटा दिया।
पिछले वर्ष कई खिलाड़ियों के पास अनुबंध नहीं थे लेकिन इस बार उन्हें ग्रेड 'सी' की सूची में रखा गया है। इनमें वरुण आरोन, स्टुअर्ट बिन्नी, पंकज सिंह धवल कुलकर्णी, परवेज रसूल, अक्षर पटेल, रोबिन उथप्पा, मनोज तिवारी, कर्ण शर्मा, संजू सैमसन, कुलदीप यादव और लोकेश राहुल शामिल हैं।
प्रज्ञान ओझा, ईशांत शर्मा, मुरली विजय, शिखर धवन, उमेश यादव, चेतेश्वर पुजारा, रविन्द्र जडेजा और रोहित शर्मा को ग्रेड 'बी' में बरकरार रखा गया है। अमित मिश्रा, रिद्धिमान साहा, विनय कुमार और मोहित शर्मा को ग्रेड 'सी' में बरकरार रखा है।