फोर्ब्स इंडिया की अंडर-30 सूची में चार खिलाड़ी भी शामिल

नई दिल्ली। फोर्ब्स इंडिया ने अपने क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले 30 साल से कम उम्र के युवाओं की सूची 'इंडिया 30 अंडर-30' जारी की है, जिसमें यॉर्करमैन जसप्रीत बुमराह सहित चार खिलाड़ी अपनी जगह बनाने में कामयाब हुए हैं।


सोमवार को जारी इस सूची में क्रिकेटर बुमराह के अलावा, महिला क्रिकेटर हरनमनप्रीत कौर, महिला निशानेबाज हिना सिद्धू और महिला हॉकी गोलकीपर सविता पूनिया को शामिल किया गया है। फोर्ब्स इंडिया ने यह सूची तीन मानदंडों के आधार पर तय की है। पहला मानदंड उनके उपलब्धियों का प्रभाव और दूसरा अलग हटकर काम करने की उनकी क्षमता और तीसरा मानदंड संबंधित क्षेत्र में लंबे समय तक टिके रहने की उनकी क्षमता है।

इसी आधार पर इन खिलाड़ियों का चयन किया गया है। इन चार क्रिकेटरों में बुमराह अकेले पुरुष खिलाड़ी हैं जबकि तीन महिला खिलाड़ी हैं। 24 साल के बुमराह ने इस वर्ष जनवरी में दक्षिण अफ्रीका दौरे पर टेस्ट में पदार्पण किया था।

बुमराह ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 14 विकेट चटकाए थे। उन्होंने पिछले 23 वनडे मैचों में 39 विकेट हासिल किए थे। उनके इस शानदार प्रदर्शन के लिए आईसीसी ने उन्हें अपनी वर्ष की सर्वश्रेष्ठ वनडे टीम में शामिल किया था।

28 साल की हरनमप्रीत ने पिछले साल इंग्लैंड में हुए महिला विश्व कप के सेमीफाइनल में आस्ट्रेलिया के खिलाफ 171 रन की असाधारण पारी खेली थी। उन्हें अर्जुन पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया है। महिला बिग बैश लीग से जुड़ने वाली वह पहली भारतीय महिला क्रिकेटर हैं।

महिला निशानेबाज हिना सिद्धू पूर्व नंबर एक निशानेबाज हैं। अर्जुन पुरस्कार प्राप्त हिना ने पिछले साल ऑस्ट्रेलिया में हुए राष्ट्रमंडल खेलों में शूटिंग में स्वर्ण पदक जीता था। हिना अपने बेधड़क बयान और फैसले के लिए भी जानी जाती है।

उन्होंने 2016 में ईरान की राजधानी तेहरान में एशियाई एयर गन चैंपियनशिप में हिस्सा लेने से इसलिए मना कर दिया था क्योंकि ईरान ने महिला निशानेबाजों के लिए चैंपियनशिप के दौरान हिजाब पहनना अनिवार्य कर दिया था।

महिला हॉकी गोलकीपर सविता पुनिया भारतीय हॉकी टीम की अहम सदस्य हैं। उन्होंने जापान के खिलाफ गोल का शानदार बचाव किया था और भारत को रियो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करवाया था। सविता ने एशिया कप के फाइनल में चीन के खिलाफ मुकाबले में भारत की जीत में अहम योगदान दिया था। उस जीत की बदौलत भारत इस वर्ष हॉकी विश्व कप में जगह बनाने में सफल रहा था। (वार्ता) 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी