पूर्व क्रिकेटर कुमार ने शेर को गोद लिया

वार्ता

गुरुवार, 4 सितम्बर 2014 (23:38 IST)
मैसूर। कर्नाटक के पूर्व रणजी कप्तान और तेज गेंदबाज आर विनय कुमार ने मैसूर चिड़ियाघर में 'दर्शन' नाम के शेर को गोद लिया है।
 
मैसूर चिड़ियाघर के कार्यकारी निदेशक बीपी रवि ने बताया कि क्रिकेटर आर विनय कुमार ने चिड़ियाघर के नौ वर्षीय नर शेर को गोद लिया है। यह शेर अफ्रीकी प्रजाति का है और इसका इसी चिड़ियाघर में जन्म हुआ था। 
 
रवि के अनुसार चिड़ियाघर संरक्षण के तहत गोद लिए गए शेर के लिए विनय चिड़ियाघर को प्रतिवर्ष एक लाख रुपए भुगतान करेंगें।
 
चिड़ियाघर के निदेशक के अनुसार इस वक्त मैसूर चिड़ियाघर में एशियाई और अफ्रीकी प्रजाति का एक-एक जोड़ा है। एशियाई प्रजाति के जोड़े का नाम शंकर और गौरी है, जबकि अफ्रीकी प्रजाति के जोड़े का नाम दर्शन और रक्षिता है।
 
चिड़ियाघर की विज्ञप्ति के अनुसार जानवरों को अपनाने के लिए इस वर्ष अब तक 19 लाख 12 हजार 893 रुपए प्राप्त हुए हैं जबकि बीते वर्ष 31 अगस्त तक चिड़ियाघर को 18 लाख 78 हजार पांच सौ रुपए प्राप्त हुए थे। (वार्ता) 

वेबदुनिया पर पढ़ें