ग्लेन मैक्सवेल ने IPL 2026 से नाम लिया वापस, सता रहा ना बिकने का डर

WD Sports Desk

मंगलवार, 2 दिसंबर 2025 (13:10 IST)
ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने आईपीएल 2026 में पंजीकरण ना करवाने का फैसला किया है। आईपीएल 2025 में वह फाइनल में पहुंची पंजाब किंग्स के लिए खेले थे।

मैक्सवेल ने कहा, "IPL में कई अविस्मरणीय सीज़न के बाद इस साल नीलामी में मैंने अपना नाम नहीं डालने का फ़ैसला किया है। यह मेरे लिए एक बड़ा फ़ैसला है और इस लीग ने मुझे जो कुछ भी दिया, उसके लिए मैं बहुत आभार के साथ यह फ़ैसला ले रहा हूं।"

"IPL ने मुझे एक क्रिकेटर और इंसान के रूप में गढ़ने में मेरी मदद की है। मैं काफ़ी सौभाग्यशाली रहा हूं कि मुझे विश्वस्तरीय खिलाड़ियों के साथ खेलने और बड़ी फ़्रैंचाइज़ियों का प्रतिनिधित्व करने का मौक़ा मिला है। इसके साथ ही उन प्रशंसकों के सामने प्रदर्शन करने का मौक़ा मिला है जिनका जुनून अद्वितीय है।"

"भारत की चुनौती, यादें और ऊर्जा हमेशा मेरे साथ रहेंगी। इन वर्षों में आपके समर्थन के लिए धन्यवाद। उम्मीद है जल्द आपसे मुलाकात होगी।"

 GLENN MAXWELL ON MISSING IPL 2026.  pic.twitter.com/bBNLbWBZbj

— Mufaddal Vohra (@mufaddal_vohra) December 2, 2025
मैक्सवेल ने भारत के खिलाफ शुरू होने वाली टी20 सीरीज के लिए अपनी फिटनेस हासिल तो कर ली लेकिन यह सीरीज उनके लिए बुरे सपने जैसी रही। ना ही वह चौथे टी-20 में टीम को जीत दिला पाए। ना ही वह आसान कैच पकड़ पाए।ऐसे में संभवत उनको लगा होगा कि आईपीएल नीलामी में बिना बिके जाने से अच्छा है कि वह पहले ही अपना नाम वापस ले लें।

IPL 2026 की नीलामी से पहले पंजाब किंग्स (PBKS) ने मैक्सवेल को रिलीज़ कर दिया था। IPL 2025 में मैक्सवेल ने सात मैचों की छह पारियों में मात्र 48 रन बनाए थे, जिसमें 30 उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर था। इसके साथ ही 8.46 की इकॉनमी से रन ख़र्च करते हुए मैक्सवेल ने चार विकेट हासिल किए थे। हालांकि सीज़न के बीच में उन्हें फ़िंगर इंजरी हुई जिसके चलते उनकी जगह पर PBKS ने मिचेल ओवेन को दल में शामिल किया था। ओवेन को PBKS ने आगामी सीज़न के लिए रिटेन किया है।

IPL में मैक्सवेल कुल चार टीमों के लिए खेल चुके हैं। इन टीमों में पंजाब किंग्स, दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स), मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु शामिल हैं। IPL 2024 के बाद RCB ने मैक्सवेल को रिलीज़ कर दिया था, जिसके बाद बड़ी नीलामी में PBKS ने उन्हें ख़रीदा था।

मैक्सवेल ने IPL में कुल 141 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 135 पारियों में 23.88 की औसत और 155 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 2819 रन बनाए हैं। इस दौरान मैक्सवेल ने 18 अर्धशतक भी लगाए हैं। वहीं गेंद के साथ मैक्सवेल ने 8.29 की इकॉनमी से 41 विकेट झटके हैं।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी