विष्णु अवतार मामले में धोनी को मिली राहत

मंगलवार, 15 सितम्बर 2015 (10:52 IST)
भारतीय वनडे टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को सोमवार को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली। कोर्ट ने उनके खिलाफ पिछले कुछ समय से चल रहे विष्णु अवतार के मामले पर रोक लगा दी है। इस संबंध में धोनी ने तीन दिन पहले ही सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी।
धोनी ने अपनी याचिका में गुहार लगाई थी कि उनपर धार्मिक भावना को आहत करने वाला केस जो बेंगलुरू में चल रहा है उसे रद्द कर दिया जाए। धोनी ने कहा कि इस मामले में उनकी भागेदारी नहीं है। बल्कि पत्रिका ने अपनी तरफ से उनकी फोटो छापी थी। 
 
24 अप्रैल 2013 को एक समाचार पत्रिका के कवर पेज पर धोनी की विष्णु अवतार के रूप में एक तस्वीर सामने आई थी। इस तस्वीर में वो कई ब्रांड्स एन्डोर्स करते नजर आ रहे हैं। उनके एक हाथ में जूता भी नजर आ रहा था। इसी फोटो के कारण बेंगलुरू में उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया था। पत्रिका ने धोनी को 'गॉड ऑफ बिग डील्स' बताया था।

वेबदुनिया पर पढ़ें