धोनी ने अपनी कप्तानी में 2007 में पहला ट्वंटी-20 विश्व कप जीता, फिर 2011 में भारत को 28 साल बाद एकदिवसीय विश्व कप का चैंपियन बनाया और 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी के भी चैंपियन बन गए। इन सफलताओं के बीच धोनी ने भारत को टेस्ट रैंकिंग में नंबर 1 बनाया था और आईसीसी से नंबर 1 के लिए मिलने वाली गदा भी अपने कंधों पर उठाई थी।
भारत ने 2002 में संयुक्त रूप से चैंपियन बनने के बाद अगली 3 चैंपियंस ट्रॉफी में निराशाजनक प्रदर्शन किया था और उसे 2004, 2006 और 2009 में ग्रुप चरण में ही बाहर हो जाना पड़ा। भारत को इस दौरान चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से 2 बार हार का भी सामना करना पड़ा।
वर्ष 2011 में एकदिवसीय चैंपियन बनने के बाद भारत से उम्मीदें बढ़ गई थीं। भारत को ग्रुप बी में दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के साथ रखा गया। भारत ने ग्रुप में अपने सभी 3 मैच जीते और पाकिस्तान से पिछली 2 पराजयों का बदला भी चुकाया।