संन्यास का फैसला करना धोनी का अधिकार : पाटिल

शुक्रवार, 5 फ़रवरी 2016 (21:55 IST)
नई दिल्ली। भारतीय चयनकर्ता प्रमुख संदीप पाटिल ने कहा है कि बोर्ड और चयनकर्ताओं को कोई अधिकार नहीं है कि वे किसी खिलाड़ी को यह कहें कि उसे कब संन्यास लेना है।
पाटिल ने विश्व कप के लिए भारतीय टीम की घोषणा करने के बाद धोनी की कप्तानी पर पूरा विश्वास व्यक्त करते हुए शुकवार को कहा कि हमें उनकी कप्तानी में पूरा भरोसा है और टीम चुनने में उनके विचारों को ध्यान में लिया जाता है।
 
यह पूछने पर कि क्या यह विश्व कप धोनी के लिए आखिरी हो सकता है? पाटिल ने कहा कि बीसीसीआई और चयनकर्ताओं को कोई अधिकार नहीं है कि वे किसी खिलाड़ी को संन्यास लेने के लिए कहें। यह फैसला हमेशा खिलाड़ी का होता है कि उसे कब संन्यास लेना है।
 
उन्होंने कहा कि जहां तक धोनी की कप्तानी की बात है, हमें उनकी कप्तानी पर पूरा भरोसा है और विश्व कप में टीम का नेतृत्व करने के लिए वे सबसे सही व्यक्ति हैं। विश्व कप के बाद क्या होता है? यह उस समय देखा जाएगा। टीम चयन में किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि सामूहिक फैसला लिया जाता है।
 
उल्लेखनीय है कि ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान भी एक संवाददाता सम्मेलन में जब धोनी से संन्यास के मुद्दे पर सवाल पूछा गया था तो उन्होंने दोटूक जवाब दिया था कि बेहतर होगा कि इस मामले पर कोई जनहित याचिका दायर कर दी जाए। (वार्ता)
 

वेबदुनिया पर पढ़ें