कैसा लगा धोनी का साल्ट पेपर लुक? सुपरफैन ने इंस्टा पर की फोटो शेयर

मंगलवार, 25 मई 2021 (15:46 IST)
महेंद्र सिंह धोनी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट छोड़े हुए भले ही बहुत समय बीत गया हो लेकिन वह न केवल अपने फैन्स के बीच लोकप्रिय रहते हैं बल्कि माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर भी आए दिन उनके फैंस उनको याद करते हैं जिससे उनका नाम टॉप ट्रेंडिंग में शुमार हो जाता है।
 
आईपीएल 2021 के एड में वह अपने मौंक लुक के लिए मशहूर हुए थे। उस कमर्शियल में उन्होंने एक बुद्ध शिक्षक का किरदार निभाया था जो बच्चों को लालच के बारे में लेकचर दे रहा था। यह दरअसल आईपीएल में रोहित शर्मा की सफलता की कहानी थी। 
 
इसके कुछ ही दिनों बाद महेंद्र सिंह धोनी बिजनेस भाई के रूप में दिखे। एमएस धोनी गोडैडी इंक कंपनी के इस कमर्शियल में "बिज़नेस भाई" के किरदार में नज़र आए जो देश में छोटे स्थानीय कारोबारियों व्यवसायों को अपने कारोबार के लिए एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म बनाने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है।
 
 
अब महेंद्र सिंह धोनी का एक और फोटो वायरल हो रहा है जिसमें वह एकदम अलग लुक में दिख रहे हैं। उनका यह फोटो उनके सुपरफैन द्वारा इंस्टाग्राम पर शेयर किया। इस फोटो में माही लाल कलर की शर्ट पहने हुए हैं और अपने कुत्ते के साथ दिखाई दे रहे हैं। 
फोटो में 39 वर्षीय बल्लेबाज की दाढ़ी भूरी हो चुकी है। कुत्तों के साथ खेलते हुए धोनी का यह लुक फैंस को पसंद तो आया लेकिन यह भी सोचने पर मजबूर कर गया कि समय बहुत जल्दी कट जाता है। ऐसा लगता है कल की ही तो बात थी जब धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने पहली ट्रॉफी जीती थी। 
 
आईपीएल 2021 के रद्द हो जाने के बाद सभी क्रिकेटर्स ने घर पर वक्त बिताया। महेंद्र सिंह धोनी भी गार्डन में कुत्तों के साथ मस्ती करते हुए पाए गए। फैंस ने तो यहां तक भांप लिया कि एक कुत्ता तो छत पर भी खड़ा था।
 
युवा कप्तान धोनी से वह एक अनुभवी और उम्रदराज कप्तान बन गए हैं। यही कारण है कि आईपीएल 2020 में उनके बल्ले से लचर प्रदर्शन के कारण चेन्नई सुपर किंग्स ने उनको ना केवल रीटेन किया बल्कि कप्तान की भूमिका में भी बनाए रखा। 
 
हालांकि आईपीएल 2021 के पहले मैच में वह अपना खाता नहीं खोल पाए लेकिन बाद के कुछ मैचों में उन्होंने कुछ शॉट्स लगाए जिससे उनके फैंस के दिल को ठंड़क पहुंची। धोनी ने आईपीएल के इस सीजन में 7 मैच में 13 की औसत से 37 रन बनाए जिसमें 4 चौके और 1 छक्का शामिल था। 
 
हालांकि इस बार धोनी ने कप्तानी में बेहतरीन वापसी की और चेन्नई सुपर किंग्स को अंक तालिका में दूसरे पायदान तक लेकर गए। रॉयल चैलेंजर्स का विजय रथ भी चेन्नई सुपर किंग्स ने ही रोका। यही कारण है उन सभी कयासों पर विराम लग गया जो इस सीजन को धोनी का आखिरी सीजन बता रहे थे।
 
 
माही के फैंस उनको नए नए लुक और सीजन में देखना चाहते हैं। यही उनकी धोनी से एकमात्र तमन्ना रहती है। (वेबदुनिया डेस्क)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी