जब धोनी ने लगाई विमान से छलांग....

बुधवार, 19 अगस्त 2015 (11:42 IST)
आगरा। भारतीय एकदिवसीय क्रिकेट कप्‍तान महेंद्र सिंह धोनी ने बुधवार को उत्तरप्रदेश के आगरा में आसमान से एएन-32 विमान से पैराशूट के सहारे छलांग लगाई।

धोनी पिछले 13 दिनों से आगरा के पैरा ट्रेनिंग स्‍कूल में पैरा जंपर बनने का प्रशिक्षण ले रहे थे। खराब मौसम के कारण धोनी की पैरा जंपिंग टल रही थी और बुधवार सुबह करीब 6.30 बजे उनकी छलांग प्रस्‍तावित थी लेकिन पहले मौसम का जायजा लिया गया।

भारतीय सेना की ओर से लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद उपाधि से सम्मानित धोनी ने मलपुरा स्थित ड्रॉपिंग जोन में एएन-32 विमान से छलांग लगाई। पैराशूट बांधकर कूदे धोनी ने निश्‍चित दूरी पर पैराशूट खोला और फिर वे सफलता से जमीन पर उतर गए।

धोनी के पीछे 1-1 कर 5 और जंपरों ने भी छलांग लगाई। धोनी ने पहले भी 1-1 कर 2 जंपर कूदे जिन्होंने हवा के दबाव की जांच की।

भारतीय टीम को अपनी कप्तानी में विश्व विजेता बनाने वाले महेंद्र सिंह धोनी से पहले महान क्रिकेटर और पूर्व कप्तान कपिलदेव को भी भारतीय सेना लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद उपाधि से सम्मानित कर चुकी है। धोनी की तरह कपिल ने भी भारतीय क्रिकेट टीम को 1983 में विश्व कप दिलाया था। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें