मुंबई इंडियंस के पास मलिंगा के विकल्प हैं : बांड

शुक्रवार, 8 अप्रैल 2016 (17:57 IST)
मुंबई। गत चैंपियन मुंबई इंडियंस को भले ही अपने चोटिल तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा  की कमी खलेगी जिनका पूरे आईपीएल के नौवें सत्र में खेलना संदिग्ध लग रहा है लेकिन  टीम को पूरा भरोसा है कि उनके पास इस श्रीलंकाई गेंदबाज की जगह भरने के लिए कई  अन्य सक्षम खिलाड़ी मौजूद हैं।
मुंबई इंडियंस के गेंदबाजी कोच शेन बांड ने शुक्रवार को कहा कि फ्रेंचाइजी के मालिक और  मुख्य कोच रिकी पोंटिंग ने टीम में कुछ तेज गेंदबाजों को शामिल करके अच्छा काम किया  है इसलिए हमारे पास उसका कवर मौजूद हैं। 
 
उन्होंने कहा कि अगर वह फिट होता है तो वह निश्चित रूप से हमारी टीम में शामिल हो  जाएगा। अगर ऐसा नहीं होता तो हमारे पास उसके लिए अच्छे कवर खिलाड़ी मौजूद हैं।  मलिंगा कम से कम राउंड रॉबिन चरण के पहले हिस्से में तो नहीं खेलेंगे।
 
बांड ने कहा कि किसी की भी चोट से टीम में कुछ नहीं बदलता। जहां तक आईपीएल की  बात है तो टीम में 16 खिलाड़ी होते हैं इसलिए आप सिर्फ एक ही खिलाड़ी पर निर्भर नहीं  रह सकते। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें