डॉ. कलाम से मुलाकात को याद किया सौरव गांगुली ने

मंगलवार, 28 जुलाई 2015 (18:45 IST)
नई दिल्ली। डॉ. एपीजे अब्दुल कमाल के निधन पर शोक जताते हुए भारत के पूर्व क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली ने आज पूर्व राष्ट्रपति से मुलाकात को याद करते हुए कहा कि वह भाग्यशाली हैं कि उन्हें इस महान वैज्ञानिक ने पद्मश्री प्रदान किया था।
भारत के 11वें राष्ट्रपति कलाम को याद करते हुए गांगुली ने कहा ‘मैंने अपने व्हाट्सऐप पर कलाम के साथ खींची तस्वीर डाली है। हम 2003 विश्व कप से लौटे थे, जब उनसे मुलाकात की थी। मैंने उनसे कई बार बातचीत की। मुझे उन्होंने ही 2004 में पद्मश्री प्रदान की थी। वह सबसे विनम्र इंसानों में से एक थे।’ 
 
उन्होंने कहा ‘इतने शिक्षित और महान वैज्ञानिक होने के बावजूद वह लोगों में इतने लोकप्रिय थे। हम सभी को एक ना एक दिन जाना है लेकिन अहम यह है कि आप कैसे जाते हैं। जिस तरह से उन्होंने देश की सेवा की, युवा पीढ़ी को योगदान दिया, छात्रों के लिए काम किया, वह हमेशा जिंदा रहेंगे।’
 
विश्व कप 2003 में उपविजेता रहने के बाद कलाम से मुलाकात को याद करते हुए उन्होंने कहा कि वह विजनरी थे।
 
उन्होंने कहा मुझे याद है कि उन्होंने टीम को शुभकामना दी थी। अनिल कुंबले ने उनसे उनके विषय के बारे में पूछा था। उन्हें क्रिकेट के बारे में ज्यादा पता नहीं था और हमने उन्हें समझाने की कोशिश की कि कैसे 11 व्यक्ति एक गेंद के आसपास मूव करते हैं। जब भी हम उनसे मिले तो हमने पाया कि उनकी दुनिया और सोच अलग थी। वह भारत के राष्ट्रपति बने लेकिन उनकी चिंतन प्रक्रिया दूसरों से अलग थी।’ (भाषा)
 

वेबदुनिया पर पढ़ें