प्लंकेट के छक्के से श्रीलंका ने टाई कराया मैच

बुधवार, 22 जून 2016 (12:38 IST)
नाटिंघम (ब्रिटेन)। पुछल्ले बल्लेबाज लियाम प्लंकेट के अंतिम गेंद पर जड़े छक्के की बदौलत इंग्लैंड ने श्रीलंका के खिलाफ यहां पहला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच टाई करा दिया।
 
श्रीलंका के 287 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम एक समय 30 रन पर 4 और फिर 82 रन पर 6 विकेट गंवाने के बाद संकट में थी। 'मैन ऑफ द मैच' क्रिस वोक्स (नाबाद 95) ने इसके बाद करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेलने के अलावा जोस बटलर (93) के साथ 138 रन जोड़कर पारी को संभाला।
 
इंग्लैंड को अंतिम ओवर में जीत के लिए 14 रन की दरकार थी और प्लंकेट ने नुवान प्रदीप की अंतिम गेंद पर छक्का जड़कर मुकाबला टाई करवा दिया। इंग्लैंड ने अंतत: 8 विकेट पर 286 रन बनाए। इंग्लैंड की टीम वनडे में 8वीं बार टाई मैच का हिस्सा रही। वोक्स और प्लंकेट ने नौवें विकेट के लिए 28 गेंद में 50 रन की अटूट साझेदारी की।
 
इससे पहले श्रीलंका की ओर से एंजेलो मैथ्यूज ने सर्वाधिक 73 रन बनाए जबकि सेकुगे प्रसन्ना ने 59 रन की तेजतर्रार पारी खेली। इंग्लैंड की ओर से वोक्स ने गेंदबाजी में भी कमाल दिखाते हुए 56 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।
 
मैथ्यूज ने इसके बाद गेंदबाजी में श्रीलंका को अच्छी शुरुआत दिलाई। उन्होंने 2 शुरुआती विकेट हासिल करके इंग्लैंड के शीर्ष क्रम को ध्वस्त करने की शुरुआत की। मेजबान टीम हालांकि बाद में वापसी करने में सफल रही।
 
सलामी बल्लेबाज एलेक्स हेल्स (4) ने सुरंगा लकमल की गेंद पर मिड विकेट पर कैच 
थमाया। जो रूट (2) ने मैथ्यूज की गेंद को विकेटों पर खेला। जानी बेयरस्टा को शून्य के स्कोर पर जीवनदान मिला लेकिन वे इसका फायदा नहीं उठा पाए और 3 रन बनाने के बाद पैवेलियन लौट गए।
 
कप्तान इयोन मोर्गन ने 43 रन की तेजतर्रार पारी खेली लेकिन प्रदीप की गेंद पर विकेट के पीछे कैच दे बैठे। प्रदीप ने मोईन अली को आउट करके इंग्लैड का स्कोर 6 विकेट पर 82 रन किया।
 
बटलर ने प्रसन्ना पर छक्के के साथ 50 गेंद में अर्द्धशतक पूरा किया। बटलर हालांकि लेग स्पिनर प्रसन्ना पर छक्का जड़ने की कोशिश में लांग ऑन पर दासुन शनाका को कैच दे बैठे। वोक्स और प्लंकेट ने इंग्लैंड के लिए अंतिम 2 ओवर में लक्ष्य 30 तक पहुंचाया और टीम को अंतिम ओवर में 14 रन की दरकार थी।
 
वोक्स ने पहली गेंद पर 2 रन लिए जबकि अगली गेंद पर 1 रन बना जिससे प्लंकेट स्ट्राइक पर आए। प्लंकेट ने तीसरी गेंद पर 1 रन लिया जबकि चौथी गेंद पर कोई रन नहीं बना जिससे मेजबान टीम को अंतिम 2 गेंदों में 10 रन की दरकार थी। वोक्स ने 5वीं गेंद पर 3 रन लिए जबकि प्लंकेट ने अंतिम गेंद पर छक्के के साथ मैच टाई करवा दिया। प्लंकेट ने नाबाद 22 रन बनाए। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें