'जय श्रीराम' से होगा टीम इंडिया का स्वागत, दिखेगी केसरिया की झलक

अवनीश कुमार

गुरुवार, 26 अक्टूबर 2017 (10:51 IST)
लखनऊ। उत्तरप्रदेश के कानपुर में भारत व न्यूजीलैंड की टीमों को होटल में लैंडमार्क में अयोध्या जैसा माहौल में ठहराया जाएगा। यह पहली बार होगा कि किसी भी टीम को आधुनिक व्यवस्थाओं के बीच पुरानी संस्कृति से रूबरू कराया जाएगा। यहीं नहीं, इसके साथ ही न्यूजीलैंड की टीम भी भारतीय संस्कृति से परिचित होगी। दोनों टीमों को पूर्ण रूप से उत्तरप्रदेश की पुरानी झलक दिखाई जाएगी। इसमें शंख, घंटों व जय श्रीराम की धुन से स्वागत होगा के साथ 10वें फ्लोर पर 10 हजार दीपों से दीपावली की झलक दिखाई जाएगी। इसके साथ ही विशेष तौर पर बच्चे रामलीला से प्रभु श्रीराम के बारे में मेहमानों को बताएंगे। 
 
ये बातें होटल लैंडमार्क के एमडी विकास मल्होत्रा ने पत्रकारों को बताई। उन्होंने बताया कि लगभग तीन बजे तक दोनों टीमें लखनऊ एयरपोर्ट से होटल लैंडमार्क में पहुंचेगी। दोनों टीमों का स्वागत इस बार केसरिया रंग की शॉल देकर किया जाएगा। इसके साथ ही शंख, घंटों की धुन के बीच जय श्रीराम का उद्घोष विशेष तौर पर रखा गया है। ऐसा इसलिए ताकि भारतीय व न्यूजीलैंड टीम के खिलाड़ी यूपी और कानपुर की सांस्कृति से परिचित हो सकें।
इसके बाद उन्हें स्वागत ड्रिंक के रूप में केसरिया अमृत भारतीय अंदाज में दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 10वें फ्लोर पर बने स्वीमिंग पूल को 10 हजार दीपों से जगमगाया जाएगा, ताकि खिलाड़ियों को अयोध्या और दीपावली-सा माहौल देखने को मिले। इसके अलावा तीन स्कूलों के बच्चें 27 व 28 में से किसी एक दिन रामलीला का मंचन कर भारतीय संस्कृति से खिलाड़ियों को रूबरू कराएंगे। इसके अलावा लिव द डैक रिजॉट में टीमों को बिठूर के ऐतिहासिक स्थल की स्लाइडें दिखाकर कानपुर से परिचय करवाया जाएगा। 
 
 
दोनों कप्तान करेंगे रिजॉट का स्वागत :  होटल के जीएम आर. लुईस ने बताया कि होटल के 10वें फ्लोर पर बने लिव द डैक रिजॉट का शुभारंभ दोनों टीमों के कप्तानों विराट कोहली और केन विलियम्सन के हाथों करवाया जाएगा। इस रिजॉट में उन्हें रात का डिनर दिया जाएगा।
 
 
कानपुरिया चाट और कुल्हड़ का मजा : एमडी विकास मल्होत्रा ने बताया कि इस बार खिलाड़ियों को पूर्ण रूप से कनपुरिया शहर की झलक दिखाई जाएगी। इसके लिए होटल के 10वें फ्लोर पर चाट का ठेला बनाया जाएगा और खिलाड़ी कनपुरिया चाट का आनंद लेंगे। इसके अलावा कप के स्थान पर कुल्हड़ में चाय परोसी जाएगी। कानपुर का मक्खन मलाई और बनारसी पान खिलाड़ियों को लुभाने के लिए दिया जाएगा।

वेबदुनिया पर पढ़ें