रोहित शर्मा समेत इन 5 खिलाड़ियों को मिलेगा 'खेल रत्न'

शुक्रवार, 21 अगस्त 2020 (18:40 IST)
नई दिल्ली। भारत के सीमित ओवरों के कप्तान रोहित शर्मा, स्टार महिला पहलवान विनेश फोगाट, टेबल टेनिस स्टार मणिका बत्रा, महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल और रियो पैरालंपिक के स्वर्ण पदक विजेता एथलीट मरियप्पन थंगावेलु को 29 अगस्त को खेल दिवस के दिन राष्ट्रपति भवन से वर्चुअल समारोह के जरिए देश के सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न से नवाजा जाएगा।

खेल मंत्रालय की 12 सदस्यीय अवॉर्ड समिति ने खेल रत्न के लिए पहले चार नामों की सिफारिश की थी जिसमें बाद में रानी रामपाल का नाम जोड़ा गया था। इन पर अंतिम फैसला केंद्रीय खेल मंत्री किरेन रिजिजू को लेना था और खेल मंत्री ने सभी 5 नामों पर अपनी मोहर लगा दी। 
 
खेल रत्न के इतिहास में यह पहला मौका है, जब 5 खिलाड़ियों को खेल रत्न प्रदान किया जाएगा। कोरोना के कारण पहली बार खेल मंत्रालय ने ऑनलाइन आवेदन मंगाए थे। इस साल राजीव गांधी खेल रत्न के लिए 42 आवेदन आए थे। खेल रत्न के लिए जनवरी 2016 से दिसंबर 2019 तक के प्रदर्शन पर विचार किया गया।
 
राष्ट्रीय खेल पुरस्कार नियमों में खेल रत्न के लिए यह नियम है कि केवल ओलम्पिक वर्ष में एक से ज्यादा खिलाड़ियों को खेल रत्न दिया जा सकता है और गैर ओलम्पिक वर्षों में एक खिलाड़ी को खेल रत्न दिया जाना चाहिए लेकिन पिछले कुछ वर्षों से यह परंपरा चल रही है कि एक से ज्यादा खिलाड़ियों को खेल रत्न दिया जा रहा है। हालांकि यह पहला मौका है, जब पांच खिलाड़ियों को खेल रत्न दिया जाएगा।
 
इससे पहले 2016 के रियो ओलम्पिक के बाद चार खिलाड़ियों रजत पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू, कांस्य विजेता महिला पहलवान साक्षी मलिक, चौथे स्थान पर रही जिम्नास्ट दीपा कर्माकर और निशानेबाज जीतू राय को खेल रत्न सम्मान दिया गया था। 
 
2009 में तीन खिलाड़ियों बॉक्सर एमसी मैरीकॉम, विजेंद्र सिंह और पहलवान सुशील कुमार को खेल रत्न दिया गया था। विजेंद्र और सुशील ने 2008 के बीजिंग ओलम्पिक में कांस्य पदक जीते थे जबकि मैरीकॉम चौथी बार विश्व चैंपियन बन चुकी थीं।
 
सीमित ओवरों के भारतीय क्रिकेट उपकप्तान रोहित शर्मा ने पिछले साल इंग्लैंड में हुए एकदिवसीय विश्व कप में 5 शतक बनाने का विश्व रिकॉर्ड बनाया था। वह सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली के बाद यह सम्मान पाने वाले चौथे क्रिकेटर बनेंगे।
 
विनेश फोगाट ने 2018 में हुए राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीते थे। विनेश ने पिछले साल विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर टोक्यो ओलम्पिक के लिए देश को कोटा दिलाया था। 
 
मणिका बत्रा ने 2018 के राष्ट्रमंडल खेलों में महिला व्यक्तिगत और टीम स्वर्ण सहित कुल चार पदक जीते थे। उन्होंने 2018 में जकार्ता एशियाई खेलों में मिश्रित युगल में कांस्य पदक जीता था। रानी की कप्तानी में भारत ने अमेरिका को हराकर टोक्यो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई किया है।
 
पैरा हाई जम्पर थंगावेलु ने 2016 के रियो पैरालम्पिक में स्वर्ण पदक जीता था। उन्होंने पिछले वर्ष विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था। वह 2017 में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किये गए थे।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी