विराट खेल रत्न, द्रविड़ द्रोणाचार्य, गावस्कर ध्यानचंद के लिए नामित

गुरुवार, 26 अप्रैल 2018 (17:42 IST)
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली को राजीव गांधी खेल रत्न, भारतीय ए टीम के कोच राहुल द्रविड़ को द्रोणाचार्य और पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर को ध्यानचंद लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार के लिए गुरुवार को नामित किया।


बीसीसीआई के कार्यवाहक अध्यक्ष सीके खन्ना ने बताया कि भारतीय क्रिकेट टीम के तीनों प्रारूपों के कप्तान विराट को सर्वोच्च खेल पुरस्कार खेल रत्न के लिए नामित किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 में भी विराट को खेल रत्न के लिए नामित किया गया था लेकिन उस वर्ष ओलंपिक वर्ष होने के कारण विराट की जगह दीपा करमाकर, पीवी सिंधू, जीतू राय और साक्षी मलिक को खेल रत्न से नवाज़ा गया था, वहीं गत वर्ष 2017 में पैरा एथलीट देवेंद्र झांझरिया और हॉकी खिलाड़ी सरदारसिंह को खेल रत्न दिया गया था, लेकिन बीसीसीआई ने इस वर्ष दोबारा से विराट को सर्वोच्च खेल पुरस्कार के लिए नामित किया है।

इसके अलावा बीसीसीआई का संचालन देख रही प्रशासकों की समिति (सीओए) ने भी इसकी पुष्टि की है। सीओए प्रमुख विनोद राय ने कहा कि हमने सरकार को विभिन्न वर्गों के लिए नाम सुझाए हैं। इसमें विराट को खेल रत्न, राहुल को द्रोणाचार्य के लिए नामित किया गया है।

यह दूसरा मौका है जब विराट को इस पुरस्कार के लिए नामित किया गया है। यदि वह खेल रत्न जीतने में कामयाब हो जाते हैं तो वह यह सम्मान पाने वाले मात्र तीसरे क्रिकेटर होंगे। उनसे पहले वर्ष 1998 में सचिन तेंदुलकर और वर्ष 2007 में महेंद्र सिंह धोनी को खेल रत्न दिया गया था।

29 वर्षीय विराट को वर्ष 2017 में पद्मश्री और वर्ष 2013 में अर्जुन अवॉर्ड से नवाजा गया था। इस बीच टेबल टेनिस फेडरेशन (टीटीएफआई) ने भी कहा है कि वह मणिका बत्रा का नाम खेल रत्न के लिए भेज सकती है। 22 साल की मणिका ने गोल्ड कोस्ट में इसी माह समाप्त हुए राष्ट्रमंडल खेलों में चार पदक जीते थे और 218 सदस्यीय दल में सबसे सफल एथलीट रही थीं।

ऐसे में यदि मणिका का नाम इस पुरस्कार लिए भेजा जाता है तो विराट को उनसे कड़ी टक्कर मिल सकती है, वहीं द्रोणाचार्य अवॉर्ड के लिए नामित पूर्व भारतीय कप्तान द्रविड़ के मार्गदर्शन में भारत की अंडर-19 टीम ने 2018 आईसीसी क्रिकेट विश्वकप का खिताब जीता था। इसके अलावा उनके मार्गदर्शन में अंडर-19 टीम 2016 में विश्वकप फाइनल तक पहुंची थी। द्रविड़ भारत ए टीम के भी कोच हैं। 

इसके अलावा पूर्व कप्तान और महान क्रिकेटर गावस्कर को ध्यानचंद अवार्ड के लिए नामित किया गया है। हालांकि आमतौर पर जिन खिलाड़ियों को करियर में अर्जुन अवॉर्ड न मिला हो उन्हें ध्यानचंद नहीं दिया जाता। लेकिन गावस्कर को वर्ष 1975 में उनके क्रिकेट करियर के दौरान अर्जुन अवार्ड मिल चुका है। इसलिए वह लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार के दावेदार बनते हैं। इससे पहले बीसीसीआई ने महिला क्रिकेट टीम की सदस्य स्मृति मंधाना और पुरुष टीम के बल्लेबाज शिखर धवन के नाम इस वर्ष के अर्जुन अवार्ड के लिए नामित किए थे।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी