युवराज ने धोनी के साथ दिखाया 'दोस्ताना'

बुधवार, 11 जनवरी 2017 (20:31 IST)
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के 2 दिग्गज क्रिकेटरों महेंद्र सिंह धोनी और युवराज सिंह के बीच भले ही रिश्तों को बहुत अच्छा नहीं माना गया हो लेकिन युवी ने भारत 'ए' और इंग्लैंड के बीच मैच में किए गए प्रदर्शन के लिए पूर्व कप्तान की न सिर्फ जमकर प्रशंसा की बल्कि प्रशंसकों के साथ एक वीडियो शेयर कर अपनी दोस्ती का भी इजहार किया।
इंग्लैंड के खिलाफ सीमित ओवर सीरीज से ठीक पहले कप्तानी छोड़ने वाले धोनी ने इंग्लैंड और भारत 'ए' के बीच खेले गए अभ्यास मैच में अर्द्धशतकीय पारी खेली थी। इसके बाद युवराज ने अपने ट्विटर अकाउंट पर एक वीडियो संदेश पोस्ट किया जिसमें पूर्व कप्तान और वे साथ दिख रहे हैं।
 
वीडियो में अनुभवी ऑलराउंडर युवराज धोनी के कंधे पर हाथ रखकर खड़े हैं जिसमें नीचे लिखा है- 'आपका करियर बतौर कप्तान बहुत अच्छा रहा जिसमें 3 बड़ी जीत, 2 विश्व कप, अब पुराने धोनी को देखने का समय है।'
 
इस वीडियो में दोनों ही खिलाड़ी एक-दूसरे की क्रिकेट में उनके योगदान और प्रदर्शन के लिए प्रशंसा कर रहे हैं। दोनों वीडियो में जिस तरह से एक-दूसरे के करीब दिखाई दे रहे हैं उसने उन दोनों के तल्ख रिश्तों पर सवाल उठाने वाले लोगों को भी जवाब दिया है। 
 
बड़े ही मजे के मूड में युवराज साथ ही धोनी से उनके बतौर कप्तान अब तक के सफर को लेकर भी सवाल पूछ दिख रहे हैं। (वार्ता) 

वेबदुनिया पर पढ़ें