धनु लग्न के इन बच्चों में घूमने का बेहद शौक रहता है। शैतान, उधमी, जिद्दी, योग्य-अयोग्य का विचार किए बिना अति साहस दिखाने वाले होते हैं। पढ़ाई में विशेष रुचि नहीं होती। इनके ऊपर नियंत्रण रखना आवश्यक है, क्योंकि ये भावनाओं के फेर में कम पड़ते हैं।
जब बच्चे सुनते नहीं हैं, बात नहीं मानते, जिद करते हैं या पढ़ाई में रुचि नहीं लेते हैं तो माता-पिता को चिंता होना स्वाभाविक है। मगर बच्चे की कुंडली के भाव विशेषकर लग्न का अध्ययन किया जाए तो न केवल बच्चे के स्वभाव की व्यवस्थित जानकारी हो सकती है वरन् उन्हें कैसे समझाया जाए, यह भी जाना जा सकता है।
लग्न द्वारा स्वभाव की जानकारी मेष लग्न : इस लग्न के बच्चे शैतान, उधमी, झगड़ालु और उग्र होते हैं। मारपीट करना और चोट खाना इनके लिए आम बात होती है। सिर में चोट लगने की आशंका रहती है। इन बच्चों को समझाते समय माता-पिता को उग्र नहीं होना चाहिए। संयम से, धीरज से काम लेना चाहिए।
वृषभ लग्न : इन बच्चों में स्वभावतः ही सुंदरता की तरफ झुकाव होता है। अच्छा रहना, खाना, सुविधायुक्त जीवन जीने की इच्छा होती है। प्रायः कला क्षेत्र में अच्छे होते हैं, परंतु जिद्दी भी होते हैं। इन्हें भी प्यार से ही समझाया जा सकता है।
मिथुन लग्न : ये बच्चे हर नई वस्तु, जानकारी के प्रति उत्सुक रहते हैं, मगर चित्त चंचल होने से एकाग्रता का अभाव रहता है और लक्ष्य तक जाने में कठिनाई होती है। ये बच्चे वाचाल होते हैं, प्रश्न अधिक पूछते हैं। इन्हें एकाग्रता बढ़ाने का प्रयास करवाना चाहिए।
कर्क लग्न : शांत स्वभाव के, भावुक, तीव्र बुद्धि के व स्नेहिल होते हैं। कई बार अति भावुकता से एकाग्रता में कमी आती है। इनके साथ बेहद शांति से, सही शब्दों का चयन कर बात की जानी चाहिए।
सिंह लग्न : इन बच्चों के ढेर सारे मित्र होते हैं। दूसरों के लिए अपना नुकसान तक कर सकते हैं। नेतृत्व कौशल होता है। प्रेम करते हैं मगर दिखा नहीं सकते। इनके मित्रों की निंदा करके आप इनसे नहीं जीत पाएँगे, वरन् दूर होते जाएँगे।
कन्या लग्न : शांत, मितभाषी और पढ़ाई की तरफ ध्यान देने वाले, मेहनती होते हैं। अव्वल तो परेशान करते ही नहीं, करें भी तो एक डाँट से समझ जाते हैं। तनिक डरपोक होते हैं।
तुला लग्न : शांत, संयमी, आज्ञाकारी व पढ़ाकू होते हैं। बातों को मन से लगा लेते हैं। एक बार समझाने से ही बात समझ जाते हैं।
वृश्चिक लग्न : समझदार, तीव्र बुद्धि के होते हैं। स्वतंत्र निर्णय लेने की योग्यता व इच्छा होती है। मंगल की अच्छी-बुरी स्थिति इन्हें साहसी या डरपोक बना सकती है। इन पर काबू पाने के लिए इन्हें विश्वास दिखाना, भरोसे में लेना जरूरी है।
धनु लग्न : इन बच्चों में घूमने का बेहद शौक रहता है। शैतान, उधमी, जिद्दी, योग्य-अयोग्य का विचार किए बिना अति साहस दिखाने वाले होते हैं। पढ़ाई में विशेष रुचि नहीं होती। इनके ऊपर नियंत्रण रखना आवश्यक है, क्योंकि ये भावनाओं के फेर में कम पड़ते हैं।
मकर लग्न : ये बच्चे उदासीन प्रकृति के होते हैं। 'जो मिला ठीक है' इस सोच के रहते प्रगति की, जीतने की इच्छा कम रहती है। हीनभावना घर कर जाती है। इन्हें सतत प्रेरित करने की बेहद आवश्यकता होती है।
कुंभ लग्न : होशियार, खोजी प्रवृत्ति के विषय-अध्ययन में रुचि लेने वाले और शिक्षक-पालकों का मन जीतने वाले इन बच्चों को शायद ही कभी कुछ कहना पड़ता हो।
मीन लग्न : इनमें एकाग्रता की बेहद कमी होती है। कल्पना शक्ति बेहद अच्छी होती है, भावुक भी होते हैं। उपयुक्त मार्गदर्शन मिलने पर पढ़ाई में प्रगति कर सकते हैं।
लग्न के अलावा लग्न में बैठे ग्रह भी बच्चों के स्वभाव को प्रभावित करते हैं। लग्न का गुरु बच्चों को शांत, समझदार बनाता है। सूर्य जिद्दी व क्रोधी बनाता है। मंगल झगड़ालु व अति साहसी बनाता है। बुध कुशाग्र बुद्धि का, अति वाचाल बनाता है। चन्द्रमा भावुक व डरपोक बनाता है। शुक्र कलात्मक अभिरुचि देता है। शनि आलसी, नीरसताहीन मानसिकता देता है। केतु लक्ष्यहीन, उदासीन वृत्ति देता है।
राहु उग्रता, झूठ बोलना, छिपकर काम करने की मानसिकता देता है। लग्न पर विभिन्न ग्रहों की दृष्टि के भी ऐसे ही प्रभाव दृष्टिगोचर होते हैं। अतः कुंडली के ग्रहों पर विचार कर उनका उचित उपाय, समाधान किया जाए तो बच्चे के स्वभाव की विषमताओं पर नियंत्रण पाया जा सकता है।