राहुल गांधी का तंज, हकीकत से दूर नाटकबाजी में व्यस्त रहते हैं मोदी

बुधवार, 24 अप्रैल 2019 (18:52 IST)
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अभिनेता अक्षय कुमार को दिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साक्षात्कार पर तीखी टिप्पणी करते हुए बुधवार को कहा कि मोदी हकीकत से बहुत दूर हैं और सिर्फ नाटकबाजी करने में व्यस्त रहते हैं।
 
उन्होंने तंज कसते हुए ट्वीट किया कि 'हकीकत रूबरू हो तो/ अदाकारी नहीं चलती। जनता के सामने, चौकीदार/ मक्कारी नहीं चलती।' इसके साथ ही उन्होंने अपने ट्‍विटर हैंडल पर एक वीडियो भी पोस्ट किया है, जिसमें भीड़ में शामिल एक व्यक्ति मोदी की तीखी आलोचना कर रहा है और आरोप लगा रहा है कि वे झूठ बोलते हैं।
 

हकीकत रूबरू हो तो
अदाकारी नहीं चलती।

जनता के सामने, चौकीदार
मक्कारी नहीं चलती।#ChowkidarChorHai pic.twitter.com/vDJNz4uUWu

— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) April 24, 2019
      
इससे पहले कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख रणदीपसिंह सुरजेवाला ने मोदी के साक्षात्कार पर कटाक्ष किया और कहा कि एक शीर्ष राजनेता भी अक्षय कुमार बनने और उनसे अच्छा अभिनय करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन मुझे नहीं लगता कि वे अच्छे अभिनेता बनेंगे। हो सकता है वे फिल्मों में जाने की तैयारी कर रहे हों क्योंकि अब 23 मई के बाद उनको जाना ही है। वैसे भी उन पर बायोपिक फिल्म भी बन रही है।
प्रवक्ता ने कहा कि मोदी ने देश के मुद्दों तथा नामी-गिरामी लोगों का सदैव मजाक उड़ाया है, लेकिन खुद कुछ नहीं करते हैं। उन्हें समझना चाहिए कि देश मजाक नहीं है। वे कभी नोटबंदी के बहाने लोगों का मजाक उड़ाते हैं, कभी युवाओं को पकोड़े बनाने की सलाह देकर उनका मजाक उड़ाते हैं, कभी किसानों का मजाक उड़ाते हैं, कभी गरीब का मजाक उड़ाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को इस तरह से किसी का मजाक नहीं उड़ाना चाहिए।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी