इंदौर में CM डॉ. मोहन यादव ने लोकसभा चुनाव कार्यालय का किया उद्घाटन, BJP ने शंकर लालवानी पर फिर जताया भरोसा

विकास सिंह

गुरुवार, 14 मार्च 2024 (08:55 IST)
भाजपा ने इंदौर लोकसभा सीट से अपने वर्तमान सांसद शंकर लालवानी को फिर चुनावी मैदान में उतारा है। शंकर लालवानी के चुनावी मैदान में उतरने के आधिकारिक एलाल के साथ भाजपा पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में आ डटी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को इंदौर के जावरा कंपाउंड स्थित भाजपा कार्यालय में इंदौर लोकसभा चुनाव कार्यालय का विधिवत पूजन कर उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद नवनिर्मित कॉन्फ्रेंस हॉल का फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने डाटा सेंटर का अवलोकन किया।

इंदौर लोकसभा चुनाव कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक मात्र ऐसी पार्टी है जो कार्यकर्ताओं को शून्य से शिखर तक कब पहुंचा दे कोई अंदाजा नहीं लगा सकता। पूर्व में भारतंवशों की वेशभूषा को देखते हुए अरब देशों में उन्हें प्रवेश नहीं दिया जाता था, परंतु अब वर्तमान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ही नहीं, अपितु अरब देशों में भी मंदिरों का निर्माण हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चाहे राहुल गांधी कितने ही भारत जोड़ो यात्रा निकाल लें, लेकिन कांग्रेस में कांग्रेस छोड़ो यात्रा प्रारंभ हो चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में संपूर्ण देश के साथ ही मध्य प्रदेश में 29 की 29 लोकसभा सीट जीत कर इतिहास रचेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है, जो वर्ष 1951 से अपनी यात्रा प्रारंभ की। जनसंघ के जमाने में मुश्किल से लोग मिलते थे, तब की बात और आज की बात अलग है, तब भारतीय जनता पार्टी जिन उद्देश्यों को लेकर अपनी यात्रा प्रारंभ की उस लंबी यात्रा में कई नेता कई अलग-अलग मुकाम हासिल किए होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि दुनिया में भारतीय जनता पार्टी एक मात्र पार्टी है जो कार्यकर्ता को भी मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री जैसे पदों पर बैठाती है। भारत के अंदर आने वाले दुश्मनों को पहचानने के लिए भी अगर कोई पार्टी आगे आकर के अपनी पहचान बताती है तो भारतीय जनता पार्टी है।

रामभक्तों पर गोली चलाने वालों का समर्थन में कांग्रेस- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस ने वोट के खातिर अयोध्या में रामभक्तों पेर गोली चलाने वाली समाजवादी पार्टी को समर्थन कर रही है। जैसे ही भगवान श्रीराम के लिए सुप्रीम कोर्ट का फैसला आया, हमने अपनी बात की गर्जना की। भगवान श्रीराम मंदिर का शिलान्यास भी हुआ और शिलान्यास के बाद गर्भगृह में प्रवेश का मौका आया तब कांग्रेस ने विरोध किया। कांग्रेस को लोग कहते हैं इनका मंदिर बनाने का लक्ष्य नहीं था, इनका लक्ष्य ढांचा गिरना था। अब भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में, जनता की अदालत फैसला करेगी कि इनका स्थान कौन सा है। इनको कोई नहीं बचा सकता, ये लगातार केवल वोट के चश्मे के आधार पर हिंदू, मुस्लिम और समाज को लड़ाने का काम किया है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी