live : PM मोदी और मंत्रिमंडल के लिए राष्ट्रपति भवन में रात्रिभोज का आयोजन

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

बुधवार, 5 जून 2024 (21:10 IST)
live updates : लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजे के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने तीसरी बार बहुमत हासिल कर लिया। एनडीए गठबंधन ने 292 सीटें जीती हैं। हालांकि बीजेपी अकेले बहुमत (272) के आंकड़े को नहीं छू पाई और उसे 240 सीटों से ही संतोष करना पड़ा। NDA और विपक्षी INDIA ब्लॉक की बैठकें हुई। पढ़िए पल-पल का ताजा अपडेट-


11:11 PM, 5th Jun
राष्ट्रपति मुर्मू ने दिया रात्रिभोज का आयोजन किया
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को यहां राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और निवर्तमान मंत्रिपरिषद के लिए रात्रिभोज का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी शामिल हुए।
 
राष्ट्रपति कार्यालय ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में निवर्तमान केंद्रीय मंत्रिपरिषद के लिए राष्ट्रपति भवन में रात्रिभोज का आयोजन किया।" इससे पहले दिन में, मोदी ने राष्ट्रपति को अपना इस्तीफा सौंप दिया।
 
राष्ट्रपति ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया और उनसे नयी सरकार के कार्यभार संभालने तक पद पर बने रहने को कहा। इस संबंध में एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज राष्ट्रपति से मुलाकात की और मंत्रिपरिषद के साथ अपना इस्तीफा सौंप दिया।"

09:15 PM, 5th Jun
मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि यह भारत के संविधान की रक्षा के लिए जनादेश है। INDIA ब्लॉक भाजपा के फासीवादी शासन के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगा। खरगे ने कहा कि हम अभी सरकार बनाने की कोशिश नहीं करेंगे। हम सही समय आने पर फैसला लेंगे।

06:08 PM, 5th Jun
NDA की मीटिंग खत्म, नीतीश कुमार ने कहा- जल्द हो सरकार का गठन
 

02:26 PM, 5th Jun
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रपति भवन पहुंचकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को इस्तीफा सौंपा। राष्ट्रपति की सहमति से मोदी नई सरकार के गठन तक कार्यवाहक प्रधानमंत्री बने रहेंगे। बताया जा रहा है कि वे 8 जून को तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। इससे पहले मंगलवार शाम एनडीए की बैठक में संसदीय दल के नेता चुने जाएंगे। 

12:57 PM, 5th Jun
-8 जून को तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं नरेन्द्र मोदी। इसके पहले पेश करेंगे सरकार बनाने का दावा। 
-चंद्रबाबू नायडू लोकसभा में स्पीकर और केंद्र सरकार में कम से कम 5 अहम मंत्री पद और आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग कर सकते हैं।

12:45 PM, 5th Jun
-दिल्ली पहुंचे नीतीश कुमार, NDA की बैठक में होंगे शामिल।
-केंद्रीय कैबिनेट की बैठक 7, लोक कल्याण मार्ग पर जारी। इसे मोदी सरकार 2.0 की आखिरी बैठक बताया जा रहा है।
-महाराष्ट्र के सीएम और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे एनडीए की बैठक में शामिल होने के लिए मुंबई से दिल्ली रवाना हुए।
-ओडिशा के निवर्तमान मुख्यमंत्री और BJD प्रमुख नवीन पटनायक ने आज भुवनेश्वर के राजभवन में राज्यपाल रघुबर दास से मुलाकात की। 
-मध्य प्रदेश पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की।

11:40 AM, 5th Jun
-एनसीपी-एससीपी प्रमुख शरद पवार और पार्टी सांसद और बारामती से विजयी उम्मीदवार सुप्रिया सुले आज होने वाले INDIA गठबंधन बैठक के लिए मुंबई से दिल्ली पहुंचे।
-केंद्रीय मंत्री और उधमपुर लोकसभा सीट से भाजपा के विजयी उम्मीदवार जितेंद्र सिंह एनडीए की बैठक के लिए दिल्ली पहुंचे।

11:35 AM, 5th Jun
-बिहार के मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार और राजद नेता तेजस्वी यादव एनडीए और इंडिया गठबंधन की बैठक के लिए एक ही फ्लाइट में दिल्ली आ रहे हैं। इस बीच तेजस्वी यादव ने दावा किया कि जिस मोदी फैक्टर की बात हो रही थी वो खत्म हो गया।
-तेलुगू देशम पार्टी के प्रमुख चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि हम NDA के साथ है। वह आज दिल्ली में एनडीए की बैठक में शामिल होंगे।
-बसपा अध्यक्ष मायावती ने लोकसभा चुनाव में अपने दल के खराब प्रदर्शन की समीक्षा का इरादा जाहिर किया और कहा कि विभिन्न चुनावों में उचित प्रतिनिधित्व देने के बावजूद मुस्लिम समाज बसपा को ठीक से नहीं समझ पा रहा है लिहाजा पार्टी भविष्य में होने वाले चुनावों में बहुत सोच समझ कर ही मुसलमानों को मौका देगी।

10:47 AM, 5th Jun
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि हम लोगों का प्रदर्शन बहुत बढ़िया रहा है। जिस हिसाब से हमने मुद्दों पर चुनाव लड़ा है वे सभी देख सकते हैं। अयोध्या में रामजी का आशीर्वाद INDIA गठबंधन को मिला। जो मोदी फैक्टर की बात हो रही थी वो खत्म हो गया। भाजपा बहुमत से दूर चली गई है। जो सहयोगी हैं अब उन पर निर्भर है। हमें खुशी है कि हमारा जो प्रयास था उसमें हमलोग कामयाब हुए हैं। हमारी उम्मीद है कि जो भी नई सरकार बनें वे बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाए और हमने जो आरक्षण बढ़ाया है उसको शेड्यूल लाइन में किया जाए।

09:18 AM, 5th Jun
-दोपहर 1 बजे एक ही फ्लाइट से दिल्ली आएंगे नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव। आज NDA और INDIA गठबंधन पर नजर।
-आज सरकार बनाने का दावा करेगा NDA, 9 जून को हो सकता है शपथ ग्रहण। 

07:56 AM, 5th Jun
-मोदी सरकार 2.0 की विदाई कैबिनेट बैठक आज, शाम 4 बजे एनडीए की बैठक
-शाम 6 बजे इंडिया गठबंधन की बैठक।
-सभी की नजरें जदयू नेता नीतीश कुमार और TDP नेता चंद्रबाबू नायडू पर।
-नायडू की टीडीपी के पास 16 और नीतीश कुमार की जेडीयू के पास 12 सीटें।
-दोनों ही दलों ने राजग के मिलकर लड़ा था चुनाव।
-राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज देगी मोदी सरकार 2.0 को फेयरवेल डिनर।
-दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेशी आज।

07:54 AM, 5th Jun
भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों ने देश में 240 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल कर ली है या फिर बढ़त बनाये हुए हैं। पार्टी बहुमत के 272 के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाई है और सरकार के गठन के लिए उसे राजग के अपने सहयोगियों के समर्थन की जरूरत होगी। पार्टी ने 2019 और 2014 में क्रमश: 303 और 282 सीटें जीती थी और अपने दम पर बहुमत हासिल किया था ।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी