लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में 63% से ज्यादा मतदान

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024 (20:29 IST)
Lok Sabha Elections 2024 Voting: लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 88 संसदीय सीट पर शुक्रवार को 63 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया। इस चरण में कांग्रेस नेता शशि थरूर, केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर, अभिनेता अरुण गोविल और फिल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी आदि प्रमुख उम्मीदवार हैं।
 
उत्तर प्रदेश के मथुरा, राजस्थान के बांसवाड़ा और महाराष्ट्र के परभणी में कुछ गांवों के मतदाताओं ने विभिन्न मुद्दों को लेकर  शुरुआत में मतदान का बहिष्कार किया, लेकिन बाद में अधिकारियों ने उन्हें वोट देने के लिए मना लिया। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक जारी रहा। कई राज्यों में भीषण गर्मी के बीच मतदान हुआ।
ALSO READ: मोदी बोले, ballot से चुनाव की मांग करने वालों को Supreme Court ने मारा करारा तमाचा
क्या कहा निर्वाचय आयोग ने : इससे पूर्व 19 अप्रैल को पहले चरण में 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 102 सीट पर मतदान हुआ था। निर्वाचन आयोग ने कहा कि मतदान कुल मिलाकर शांतिपूर्ण रहा। उसने कहा कि रात आठ बजे तक मतदान का अनुमानित आंकड़ा 63.50 प्रतिशत रहा जो सभी मतदान केंद्रों से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि मतदान के अंतिम समय में मतदान केंद्र पहुंचे मतदाताओं को बाद तक वोट डालने की अनुमति दी गई।
 
इस चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) लगातार तीसरे कार्यकाल के लिए बड़े बहुमत के लिए प्रयासरत है। विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दल 2014 और 2019 के चुनाव में हार के बाद फिर से सत्ता में  लौटने के लिए मशक्कत कर रहे हैं।
 
त्रिपुरा में सर्वाधिक मतदान : निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार सर्वाधिक मतदान त्रिपुरा में दर्ज किया गया जहां 79.46 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इसके बाद मणिपुर रहा जहां 77.32 प्रतिशत लोगों ने वोट डाला। उत्तर प्रदेश में 54.85 प्रतिशत एवं बिहार में 55.08 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मतदान समाप्त होने के बाद ‘एक्स’ पर लिखा कि दूसरा चरण बहुत अच्छा रहा। आज देशभर में मतदान करने वालों का आभार। राजग को मिला बेजोड़ समर्थन विपक्ष को और अधिक निराश करने जा रहा है। मोदी ने लिखा कि मतदाता राजग का सुशासन चाहते हैं। युवा और महिला मतदाता राजग को मजबूत समर्थन दे रहे हैं।
 
केरल की सभी 20 सीट, कर्नाटक की 28 में से 14 सीट, राजस्थान की 13 सीट, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश की 8-8 सीट, मध्य प्रदेश की 6 सीट, असम और बिहार की 5-5 सीट, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल की 3-3 सीट तथा मणिपुर, त्रिपुरा और जम्मू-कश्मीर में एक-एक सीट पर शुक्रवार को मतदान हुआ।
ALSO READ: सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, बैलेट पेपर नहीं EVM से ही होगा मतदान
इन नेताओं की किस्मत ईवीएम में कैद : इस चरण के प्रमुख उम्मीदवारों में कांग्रेस नेता शशि थरूर, केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर, अभिनेता अरुण गोविल, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के भाई डीके सुरेश, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी शामिल हैं, वहीं भाजपा सांसद हेमा मालिनी, ओम बिरला और गजेंद्र सिंह शेखावत तीसरी बार संसद में पहुंचने की कोशिश में मैदान में हैं।
 
केरल में 5 बजे तक 63.97 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। हालांकि, राज्य में कुछ मतदान बूथ पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) में गड़बड़ी की खबरें भी आईं।
 
राज्य में मतदान के दौरान तीन बुजुर्ग मतदाताओं और एक मतदान एजेंट की मृत्यु की खबर है। पलक्कड, अलप्पुझा और मलप्पुरम में वोट डालने के बाद एक-एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई, वहीं कोझिकोड में एक मतदान केंद्र पर बेहोश हुए एक एजेंट की बाद में मृत्यु हो गई।
ALSO READ: Lok Sabha Election : नगालैंड के 6 जिलों में नहीं हुआ मतदान, जानिए क्‍या है वजह...
चार लोगों की मौत : केरल में 65.91 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। हालांकि, राज्य में कुछ मतदान बूथ पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में गड़बड़ी की खबरें भी आईं। राज्य में मतदान के दौरान तीन बुजुर्ग मतदाताओं और एक मतदान एजेंट की मृत्यु की खबर है। पलक्कड, अलप्पुझा और मलप्पुरम में वोट डालने के बाद एक-एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई, वहीं कोझिकोड में एक मतदान केंद्र पर बेहोश हुए एक एजेंट की बाद में मृत्यु हो गई।
 
छत्तीसगढ़ में खुदकुशी : छत्तीसगढ़ की महासमुंद लोकसभा के तहत गरियाबंद जिले में एक सरकारी विद्यालय में चुनाव ड्यूटी पर तैनात मध्य प्रदेश विशेष सशस्त्र बल के एक जवान ने कथित तौर पर अपनी ‘सर्विस राइफल’ से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। छत्तीसगढ़ में 73.62 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। कांकेर सीट पर बालोद जिले के सिवनी गांव में एक मतदान केंद्र को शादी के ‘मंडप’ की तरह सजाया गया था।
मध्य प्रदेश में छह लोकसभा सीट पर करीब 57.88 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। असम में पांच संसदीय क्षेत्रों में करीब 71.11 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कड़ी सुरक्षा के बीच मणिपुर में 77.32 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। कर्नाटक में 14 लोकसभा क्षेत्रों में करीब 68.30 प्रतिशत मतदान हुआ।
ALSO READ: पहले चरण में 62% मतदान, बंगाल में बंपर, बिहार में सबसे कम
इस बीच, निर्वाचन आयोग ने जानकारी दी कि सोशल मीडिया मंच पर कथित रूप से एक वीडियो पोस्ट करने एवं धर्म के आधार पर वोट मांगने को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद तथा बेंगलुरु दक्षिण से पार्टी प्रत्याशी तेजस्वी सूर्या के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
 
बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल ने बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका (बीबीएमपी) के सहयोग से 41 रोगियों को मतदान कराने में मदद प्रदान की। महाराष्ट्र में आठ संसदीय क्षेत्रों में पांच बजे तक 53.51 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। राजस्थान में 13 लोकसभा सीट और एक विधानसभा सीट पर लगभग 59.19 प्रतिशत मतदान हुआ।
 
यूपी में सबसे कम मतदान :उत्तर प्रदेश में आठ संसदीय क्षेत्रों में करीब 54.85 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। बिहार में 5 लोकसभा सीट पर 93 लाख पात्र मतदाताओं में से 55.08 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पश्चिम बंगाल में 71.84 प्रतिशत और जम्मू कश्मीर में 71.91 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। 

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए मतदान सात मई को होगा। इस चरण में 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 94 सीट के लिए मतदान होगा। मतगणना चार जून को होगी।  (एजेंसी/वेबदुनिया) 
Edited by: Vrijendra Singh Jhala

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी