प्रियंका गांधी का पलटवार, पीएम मोदी को बताया शहंशाह

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

शनिवार, 4 मई 2024 (14:26 IST)
Priyanka Gandhi in Gujarat : कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने बनासकांठा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पलटवार करते हुए उनकी तुलना शहंशाह से की। उन्होंने कहा कि PM मोदी मेरे भाई को शहजादा बोलते हैं। मैं बताना चाहती हूं कि मेरे भाई 4,000 किमी. पैदल चले, देश के लोगों से मिले और उनसे पूछा कि आपके जीवन में क्या समस्याएं हैं? उन्होंने कहा कि एक तरफ शहंशाह नरेंद्र मोदी जी महलों में रहते हैं। वह किसानों, महिलाओं की मजबूरी कैसे समझ पाएंगे? नरेंद्र मोदी सत्ता से घिरे हुए हैं। उनके आस-पास के लोग उनसे डरते हैं। उनको कोई कुछ नहीं कहता है। ALSO READ: प्रियंका का प्रहार, मोदी को सत्ता का अहंकार, जनता से कट चुके हैं PM
 
प्रियंका ने कहा कि आज इस देश की जनता कह रही है कि ये चुनाव हमें बिजली, पानी, महंगाई, रोजगार के मुद्दे पर लड़ना है। आज जनता पूछ रही है कि मोदी जी आपने 10 साल में हमारे लिए क्या किया? मोदी जी ने अगर 10 साल में कुछ किया होता, तो अपनी कामयाबी पर यह चुनाव लड़ सकते थे। लेकिन जैसे-जैसे चुनाव आगे बढ़ रहा है नरेंद्र मोदी और भाजपा यह चुनाव धर्म की बातों पर, चोरी और पाकिस्तान पर लड़ रहे हैं। 
 
राजीव गांधी को भी पड़ती थी डांट : उन्होंने कहा कि एक जमाने में प्रधानमंत्री गांवों में जाते थे तो लोग अपना हक मांगते थे। मैं खुद राजीव गांधी जी के साथ जाती थी तो लोग उन्हें अपने काम के लिए डांट देते थे। तब ऐसी राजनीति थी। इस राजनीति का आधार महात्मा गांधी जी ने डाला था। उन्होंने नेताओं को सिखाया कि जनता सर्वोपरि है। देश में लोगों से बात करके और उनकी समस्याओं को जानकर नीतियां बनती थी। इसलिए कांग्रेस पार्टी ने हमेशा जनता की सुविधा वाली नीति बनाई है। ALSO READ: मेरे पिता को विरासत में धन-दौलत नहीं, शहादत मिली, राजीव गांधी को याद कर भावुक हुईं प्रियंका
 
गुजरात से क्यों चुनाव नहीं लड़ते मोदी : प्रियंका ने कहा कि PM मोदी गुजरात की जनता को अब नहीं पहचानते हैं। अगर वह गुजरात की जनता से कटे नहीं होते, तो यहां से चुनाव क्यों नहीं लड़ रहे हैं। क्योंकि मोदी जी का आपसे जो फायदा निकलना था, उन्होंने अपना फायदा निकाल लिया। प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी जी गुजरात की जनता को भूल चुके हैं।
 
भाजपा सरकार अपराधियों के साथ : उन्होंने कहा कि गुजरात में राजपूत महिलाओं का अपमान किया गया। क्या PM मोदी ने उस प्रत्याशी पर एक्शन लिया? आज देश में जहां भी महिलाओं पर अत्याचार हो रहा है, वहां भाजपा सरकार ने अपराधियों का साथ दिया है। उन्नाव केस, हाथरस केस, महिला पहलवानों के मामले में भाजपा सरकार और मोदी जी ने कोई मदद नहीं की। महिला पहलवानों के साथ अत्याचार करने वाले के बेटे को उत्तर प्रदेश में भाजपा ने टिकट दे दिया।
 
हमने किसकी भैंस चुराई : कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री आपके सामने झूठ तो बहुत बोलते हैं, लेकिन अब फिजूल की बातें करने लगे हैं। प्रधानमंत्री कहते हैं कि अगर आपके पास दो भैंसे हैं, तो कांग्रेस एक भैंस चुरा लेगी! 55 साल देश में कांग्रेस की सरकार रही है। जरा बताइए हमने किसकी भैंस चुराई, हमने किसके मंगलसूत्र पर आंच आने दी।
Edited by : Nrapendra Gupta 

वेबदुनिया पर पढ़ें