MP Elections 2023 : कांग्रेस का दावा, CM शिवराज को BJP ने किया दरकिनार

रविवार, 15 अक्टूबर 2023 (20:27 IST)
Congress's claim regarding Shivraj Singh Chauhan : कांग्रेस प्रवक्ता चरण सिंह सपरा ने रविवार को सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए दावा किया कि उसने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को दरकिनार कर दिया है और वह उन पर दांव नहीं लगाना चाहती है।
 
सपरा ने कहा कि उनकी पार्टी प्रदेश इकाई के अध्यक्ष कमलनाथ के नेतृत्व में विश्वास जताते हुए आगामी मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव स्पष्ट दृष्टिकोण के साथ लड़ रही है। विपक्षी दल कांग्रेस ने 17 नवंबर को होने वाले 230 सदस्‍यीय प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को अपने 144 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। कांग्रेस ने पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ सहित 69 मौजूदा विधायकों को टिकट दिया है।
 
सपरा ने कहा, हमने 144 उम्मीदवारों की पहली सूची में हमारे अगुआ और सर्वोच्च कमांडर कमलनाथ का नाम घोषित किया। हम अपने दृष्टिकोण में बिल्कुल स्पष्ट हैं। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि भाजपा ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को अपनी चौथी सूची में उम्मीदवार के रूप में चुना, जिससे साबित होता है कि उनकी पार्टी नेतृत्व को अब उनके चेहरे पर भरोसा नहीं है।
 
उन्होंने कहा, भाजपा उन पर (चौहान) दांव नहीं लगाना चाहती। उन्हें किनारे कर दिया गया है। वह एक फ्लॉप शो हैं। भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व उनके साथ ऐसा व्यवहार कर रहा कि उनकी कोई ताकत अब बची नहीं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने चौहान को दरकिनार करते हुए तीन केंद्रीय मंत्री नरेंद्र तोमर, प्रह्लाद सिंह पटेल और फग्गन सिंह कुलस्ते सहित अपने सात सांसदों को मैदान में उतारा है।
 
कांग्रेस नेता ने यह भी दावा किया कि आसन्न हार की आशंका के बाद भाजपा खेमे में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा, हम प्रदेश में भारी जीत दर्ज करने जा रहे हैं। कांग्रेस के उम्मीदवारों की पहली सूची के मानदंडों के बारे में पूछे जाने पर सपरा ने कहा कि जीत पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है।(भाषा)
Edited By : Chetan Gour

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी