MP: जन आशीर्वाद यात्रा में बोले अमित शाह, भाजपा जीतेगी 150 से अधिक सीटें

मंगलवार, 5 सितम्बर 2023 (16:40 IST)
Amit Shah: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने मंगलवार को दावा किया कि मध्यप्रदेश में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव (assembly elections) में भाजपा 150 से अधिक सीटें जीतकर फिर से सत्ता में काबिज होगी। उन्होंने महाकोशल क्षेत्र के मंडला में भाजपा की 'जन आशीर्वाद यात्रा' को हरी झंडी दिखाने के लिए आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए यह बात कही।
 
उन्होंने कहा कि मैं आज दावे से कहने आया हूं। 'मिस्टर बंटाधार' (कांग्रेस नेता एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह) और 'करप्शननाथ' (मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ) दोनों सुन लो, जिस दिन 25 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के समक्ष इस 'जन आशीर्वाद' का समापन होगा, उसी दिन तय हो जाएगा कि मध्यप्रदेश में 150 से अधिक सीटों के साथ भाजपा विजयी होगी।
 
मध्यप्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं और विधानसभा की कुल 230 सीटें हैं। इसके अलावा उन्होंने लोगों से अपील की कि वे वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा को जिताएं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को एक बार फिर प्रधानमंत्री बनाएं।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी