MP में BJP की दूसरी सूची में 39 नामों का ऐलान, देखें पूरी लिस्ट

सोमवार, 25 सितम्बर 2023 (22:45 IST)
Second list of BJP candidates released : मध्य प्रदेश में सत्ता में बरकरार रहने के लिए पुरजोर कोशिश में जुटी  भाजपा ने आज रात 39 प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी कर दी। इसमें अनेक चौंकाने वाले नाम भी सामने आए हैं। पार्टी ने 3 केंद्रीय मंत्रियों समेत 7 सांसदों को चुनाव मैदान में उतारने का निर्णय लिया है। पार्टी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय को इंदौर एक विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार घोषित किया गया है।

इस सूची में केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को मुरैना जिले के दिमनी विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया गया है। इसके अलावा जबलपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, सतना से गणेश सिंह, सीधी से श्रीमती रीति पाठक और गाडरवाड़ा से राव उदय प्रताप सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है। ये चारों प्रत्याशी वर्तमान में क्रमश: जबलपुर, सतना, सीधी और होशंगाबाद क्षेत्र से सांसद हैं।
 
भाजपा ने कुछ समय पहले 39 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की थी। इसमें अनेक नए चेहरों पर भरोसा जताया गया था। इन सभी 39 सीटों पर पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने पराजय का सामना किया था। इसी तरह आज घोषित 39 सीटों में से अधिकांश पर भाजपा को 2018 के पिछले चुनाव में पराजय का स्वाद चखना पड़ा था।
 
राज्य में सभी 230 सीटों पर विधानसभा चुनाव नवंबर-दिसंबर माह में होने की संभावना है। माना जा रहा है कि अक्टूबर माह में विधानसभा चुनाव के लिए कार्यक्रम जारी होने के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू हो सकती है। भाजपा की मौजूदा सरकार को लेकर कथित सत्ता विरोधी रुझान (एंटी इंकंबेंसी फैक्टर) के चलते पार्टी प्रत्याशियों की दूसरी सूची काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
कौन हैं सूची में शामिल : सूची के अनुसार श्योपुर से दुर्गालाल विजय, मुरैना से रघुराज कंसाना, लहार से अमरीश शर्मा गुड्डू, भितरवार से मोहन सिंह राठौर, डबरा (अजा) से श्रीमती इमरती देवी, सेवढ़ा से प्रदीप अग्रवाल, करैरा (अजा) से रमेश खटीक, राघौगढ़ से हिरेंद्र सिंह बंटी बना, देवरी से बृजबिहारी पटेरिया और राजनगर से अरविंद पटेरिया को प्रत्याशी घोषित किया गया है।
ALSO READ: bjp assembly election 2023 2nd list : MP में बीजेपी उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी, दिमनी से नरेन्द्र सिंह तोमर, इंदौर-1 से कैलाश विजयवर्गीय
मैहर से श्रीकांत चतुर्वेदी, सिंहावल से विश्वामित्र पाठक, कोतमा से दिलीप जायसवाल, डिंडोरी (अजजा) से पंकज टेकाम, कटंगी से गौरव पारधी और जुन्नारदेव (अजजा) से नत्थन शाह पर दाव लगाया गया है।
ALSO READ: bjp 2nd list for assembly election 2023 : 3 केंद्रीय मंत्रियों सहित 7 सांसदों को BJP ने दिया विधानसभा का टिकट
कमलनाथ को टक्कर देंगे विवेक बंटी साहू : कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा से भाजपा नेता विवेक बंटी साहू को उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा परासिया (अजा) से श्रीमती ज्योति डहेरिया, घोड़ाडोंगरी (अजजा) से गंगाबाई उइके, उदयपुरा से नरेश शिवाजी पटेल और खिलचीपुर से हजारीलाल दांगी को चुनावी दंगल में उतारने का निर्णय हुआ है।
ALSO READ: bjp 2nd list for assembly election 2023 : कैलाश विजयवर्गीय इंदौर-1 से लड़ेंगे चुनाव, देपालपुर से मनोज पटेल को मिला टिकट
आगर (अजा) से मधु गेहलोत, शाजापुर से अरुण भीमावत, भीकनगांव (अजजा) से नंदा ब्राह्मणे, राजपुर (अजजा) से अंतर सिंह पटेल, पानसेमल (अजजा) से श्याम बर्डे, थांदला (अजजा) से कल सिंह भांवर, गंधवानी (अजजा) से सरदार सिंह मेड़ा और देपालपुर से मनोज पटेल को प्रत्याशी घोषित किया गया है।
 
इंदौर एक विधानसभा क्षेत्र से कैलाश विजयवर्गीय को प्रत्याशी बनाया गया है। दिग्गज नेताओं में शुमार इंदौर के पूर्व महापौर विजयवर्गीय राज्य में मंत्री भी रह चुके हैं और वे इंदौर जिले से पहले भी कई दफा चुनाव जीत चुके हैं। नागदा खाचरोद से डॉ. तेजबहादुर सिंह और सैलाना (अजजा) से संगीता चारेल चुनाव मैदान में रहेंगी।
Edited By : Chetan Gour

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी