मोदी यानि हर गारंटी पूरी होने की गारंटी,भोपाल में कार्यकर्ता महाकुंभ में गरजे पीएम मोदी,चांदी का चम्मच लेकर पैदा हुए कांग्रेस के नेता के लिए गरीबों की बस्ती शूटिंग का केंद्र

विकास सिंह

सोमवार, 25 सितम्बर 2023 (12:56 IST)
भोपाल। मध्यप्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को भोपाल से भाजपा के चुनाव प्रचार अभियान का शंखनाद कर दिया। भोपाल के जंबूरी मैदान में भाजपा कार्यकर्ता महाकुंभ को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि मध्यप्रदेश को कांग्रेस के हाथों में जाने से बचाना है। पीएम मोदी ने 50 मिनट के अपने भाषण में कांग्रेस पर जमकर हमला बोलते हुए राहुल गांधी पर भी तंज कसा। 

जंबूरी मैदान में महाकुंभ को संबोधित करने पहुंचे पीएम मोदी ने सभा स्थल पर रोड शो भी किया। पीएम ने कहा कि कार्यकर्ता महाकुंभ दिखाता है कि मध्यप्रदेश के मन में क्या है। कार्यकर्ता महाकुंभ में भाजपा के हर कार्यकर्ता के बुलंद हौंसले को दिखाता है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश को देश का दिल कहा जाता है। मध्यप्रदेश से भाजपा को विशेष जुड़ाव रहा है। जनसंघ के जमाने से मध्यप्रदेश की जनता ने भाजपा को विशेष आशीर्वाद दिया है। पीएम ने कहा कि मध्यप्रदेश भाजपा के विचार का ही नहीं विकास के विजन का महत्वपूर्ण  केंद्र है। अमृत काल में जब देश आगे बढ़ रहा है तब मध्यप्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका है।

पीएम ने कहा कि मध्यप्रदेश में बीस साल से भाजपा की सरकार है और जो युवा इस बार चुनाव में पहली बार वोट डालेंगे उन्होंने भाजपा की सरकार को देखा है। यह युवा सौभाग्यशाली है कि उन्होंने मध्यप्रदेश में कांग्रेस के शासन की बुराईयों को नहीं देखा है। कांग्रेस के राज में मध्यप्रदेश में कुनीति, कुशासन और करोड़ों का करप्शन था। कांग्रेस ने मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य बना दिया था। प्रदेश के युवाओं ने खस्ताहाल कानून व्यवस्था नहीं देखी,युवाओं ने भाजपा का सुशासन ही देखा है।

पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले चुनाव बहुत अहम है। हमें ध्यान रखना है कि विकास का जो रास्ता मध्यप्रदेश के लोगों ने बनाया है। वह विकास की गाड़ी सड़क से उतरे और भटके नहीं है। मध्यप्रदेश से सटे राजस्थान में जहां कांग्रेस की सरकार है वहां कांग्रेस ने बर्बादी लाई। मध्यप्रदेश के विकास के लिए आने वाले साल बहुत महत्वपूर्ण है औऱ इतने महत्वपूर्ण समय में कांग्रेस जैसी पार्टी को जरा भी मौका मिल गया तो मध्यप्रदेश को बहुत बड़ा नुकसान होगा।

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि मध्यप्रदेश को कांग्रेस के हाथों में जाने से बचाना है। कांग्रेस को मध्यप्रदेश लूटने नहीं देना। पीएम ने कार्यकर्ताओं  से पूछा कि क्या आप एमपी के युवाओं के भविष्य़ को तबाह करना चाहते है। उन्होंने कहा कि  कांग्रेस के पास भविष्य की सोच नहीं है। कांग्रेस जंग लगा वह लोहा जो देखते-देखते बारिश में खत्म हो जाता है। कांग्रेस विकसित भारत से जुड़े हर प्रोजेक्ट का विरोध करती है।

पीएम ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार लगातार काम कर रही है। पीएम ने कहा कि बीते 9 सालों में जो भी योजनाएं बनाई उसमें गरीबों, सोशितों, वंचितों और महिला को सबसे बड़ा लाभार्थी बनाया है। भाजपा सरकार ने गरीबों को जीवन को बदलने का प्रयास किया। पीएम ने कहा कि कांग्रेस ने 50 साल पहले गरीबी हटाओ का नारा कांग्रेस ने दिया था, क्या कांग्रेस ने अपना वादा पूरा किया। पीएम ने कहा भाजपा सरकार ने साढे 13 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला। पीएम ने कहा कि यह मोदी की गारंटी का नतीजा है और जब मोदी गारंटी देता है तो वह जमीन पर उतरती है, घर-घर पहुंचती है। मोदी यानि हर गारंटी पूरी होने की गारंटी। कांग्रेस बहुत बौखलाई हुई है।

पीएम ने संसद से यह लोग नारी शक्ति को बांटने की कोशिश करेंगे। हर माता-बहन को सावधान रहना होगा। यह वहीं लोग है देश की पहली महिला राष्ट्रपति दौपद्री मुर्मू को राष्ट्रपति बनने से  रोकने  की भऱसक कोशिश की। कांग्रेस ने महिलाओं को सरकार की हर योजना से दूर ऱखा। पीएम ने कहा कि हमारी कोशिश थी कि  देश की हर  बेटी अपने पैरों पर खड़ी हो सके।    

कार्यकर्ता महाकुंभ में पीएम मोदी ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का नाम लिए बिना तंज कसा है। पीएम ने कहा कि चांदी का चम्मच लेकर पैदा हुए कांग्रेस के नेताओं के लिए गरीबों की बस्ती पिकनिक और वीडियो शूंटिग का केंद्र बन गई है। पीएम ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं के लिए गरीबों के खेत फोटो शूट कराने का केंद्र बन गए है। पीएम ने कहा कि मैं अभावों में रहा हूं लेकिन देश की जनता को अभाव में नहीं रहने दूंगां।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी